Ahmedabad: उदयपुर में हत्या के मामले में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार

Ahmedabad: उदयपुर में हत्या के मामले में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार

Ahmedabad. राजस्थान में दो गैंग के बीच वर्चस्व की लड़ाई में 7 अप्रेल को उदयपुर के बिच्छू घाटी में हुई हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को अहमदाबाद पुलिस ने शहर से पकड़ा है। इन्हें जोन-7 के उपायुक्त की लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) टीम ने सरखेज से पकड़ा है। इनके विरुद्ध 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित है। इन पर 15-15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एलसीबी ने सोमवार को इसकी घोषणा की। एलसीबी के तहत पकड़े गए दो आरोपियों में से एक नईम ठोकर गिरोह का मुखिया नईम उर्फ नईमुद्दीन शेख (34) भी शामिल है। यह उदयपुर जिले के सज्जननगर सामुदायिक केन्द्र के सामने कच्ची बस्ती का निवासी है। दूसरे आरोपी का नाम कुंदनसिंह कुशवाह (32) है। यह उदयपुर में आइनोक्स मॉल के पीछे लुहार कोलोनी का रहने वाला है।

बिच्छु घाटी में गैंगवॉर में हुई थी हत्या

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पूछताछ में सामने आया कि राजस्थान की जावेद दांतना और नईम ठोकर गिरोह के सदस्यों के बीच कई बार भिड़ंत की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसी ही एक घटना में नईम ठोकर गैंग के सदस्य जोएब उर्फ अक्कू को जावेद दातना गिरोह के सदस्यों ने धमकाया था। जिसके चलते दोनों ही गिरोह के सदस्य सात अप्रेल को उदयपुर जिले के बिच्छू घाटी में आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान नईम ठोकर गिरोह के मुख्य सूत्रधार नईम और उसके पांच सदस्यों ने जावेद दातना गिरोह के सदस्य साहिल पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। उसके बाद से ही यह दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। इस संबंध में उदयपुर के घंटाघर थाने में प्राथमिकी दर्ज है।

सरखेज में छिपे होने की मिली थी सूचना

एलसीबी के तहत टीम को पुख्ता सूचना मिली थी कि राजस्थान की गैंग के दो सदस्य सरखेज इलाके के होटल में छिपे हैं। वह होटल से निकल कर सरखेज की ओर जाने वाले हैं। इसके आधार पर टीम ने इलाके में नजर रखते हुए दोनों को सरखेज से पकड़ लिया। इनके विरुद्ध हत्या की कोशिश, लूट, डकैती, एनडीपीएस, चोरी, मारपीट के मामले में 15 मामले दर्ज हैं। इन पर 10-10 हजार का इनाम घोषित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *