‘मैं ही टारगेट था’, व्हाइट हाउस शूटिंग पर Donald Trump का आ गया बड़ा बयान, जानिये अमेरिकी राष्ट्रपति ने क्या कहा

‘मैं ही टारगेट था’, व्हाइट हाउस शूटिंग पर Donald Trump का आ गया बड़ा बयान, जानिये अमेरिकी राष्ट्रपति ने क्या कहा

Donald Trump: अमेरिका से बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई जब एक डिनर पार्टी में गोलीबारी हुई। उस कार्यक्रम में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। राजधानी वॉशिंगटन में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा में गंभीर चूक देखने को मिली। यह घटना White House Correspondents Dinner के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के बीच अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। माहौल कुछ ही सेकंड में पूरी तरह बदल गया। जहां कुछ देर पहले हंसी और बातचीत हो रही थी, वहीं अफरा-तफरी मच गई। मेहमान घबराकर मेजों के नीचे छिपने लगे और चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी। इस कार्यक्रम में खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी मौजूद थे। जैसे ही स्थिति बिगड़ी, सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। ट्रंप और फर्स्ट लेडी को फौरन सुरक्षित जगह पर ले जाया गया। उनके चारों ओर सुरक्षा का मजबूत घेरा बना दिया गया।

क्या कहा राष्ट्रपति ने?

राष्ट्रपति ने बाद में बताया कि एक हथियारबंद व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। उसके पास कई तरह के हथियार थे, जिनमें शॉटगन भी शामिल थी। हालांकि, United States Secret Service के एजेंट्स ने तेजी दिखाते हुए उसे काबू में कर लिया और बड़ा हादसा होने से टल गया। ट्रंप ने कहा कि उसका निशाना वे ही हो सकते हैं। घटना के वक्त उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

अचानक हुई थी गोलीबारी

हमले के दौरान एक सुरक्षा अधिकारी को गोली भी लगी, लेकिन उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी। इसी वजह से उसकी जान बच गई और वह सुरक्षित है। यह जानकारी जांच एजेंसियों ने भी दी है। ट्रंप ने कहा कि शुरुआती जांच में हमलावर को ‘लोन वुल्फ’ यानी अकेले काम करने वाला व्यक्ति माना जा रहा है। हालांकि, अभी जांच जारी है और कई पहलुओं पर काम हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि हमलावर कैलिफोर्निया का रहने वाला है।

FBI कर रही जांच

इस पूरे मामले की जांच FBI की आतंकवाद-रोधी टीम कर रही है। मौके से मिले हथियारों की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ हो रही है। घटना के बाद ट्रंप ने देशवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन उन्हें हिंसा से नहीं, बातचीत से सुलझाना चाहिए। यह घटना लोगों को जुलाई 2024 की उस घटना की भी याद दिला रही है, जब पेंसिल्वेनिया में एक रैली के दौरान ट्रंप पर हमला हुआ था और उन्हें हल्की चोट आई थी। ऐसे में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *