रायसेन में MPPSC परीक्षा केंद्र के बाहर एक कार अनियंत्रित होकर पांच मोटरसाइकिलों से टकरा गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र के बाहर कार चालक ने एक्सीलेटर दबाया से इसके बाद कार बेकाबू हो गई। जानकारी के अनुसार पेड़ के नीचे अभ्यर्थियों के परिजन बैठे हुए थे। पास में ही बाइक भी पार्क थीं। बेकाबू कार ने पांच मोटरसाइकिलों को टक्कर मारते हुए 2 परिजनों को भी चपेट में ले लिया। पहले सेशन का पेपर खत्म होने से पहले घटना
घटना एमपीपीएससी के पहले सेशन की परीक्षा समाप्त होने से कुछ देर पहले हुई। एक अभ्यर्थी का ड्राइवर कार को रिवर्स कर रहा था, तभी अचानक एक्सीलेटर तेजी से दब गया। इससे कार अनियंत्रित हो गई और पेड़ की छांव में खड़े लोगों तथा पास खड़ी बाइकों पर चढ़ गई। हादसे में एक मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दो परिजनों के पैरों में चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार भरत सिंह, थाना कोतवाली प्रभारी नरेंद्र गोयल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस को भी सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार चालक और वाहन को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। यह तो गनीमत रही कि कार के नीचे बाइक आने से कार रुक गई थी। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद की तस्वीरें


