पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे चरण के लिए मतदान होगा। दूसरे चरण के मतदान से पहले बंगाल में सियासी सरगर्मियां तेज हैं। बंगाल में चुनावी महौल के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
West Bengal Assembly elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले सियासी माहौल गरमा गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) के बयान ‘गुंडों को उल्टा लटका कर सीधा कर देंगे’ पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Bengal Chief Minister Mamata Banerjee) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ममता बनर्जी ( Mamata Banerjee) ने कहा कि गृह मंत्री को ऐसे बयान शोभा नहीं देते हैं। वहीं, दूसरी तरफ राहुल गांधी ने चुनावी रैली में ममता बनर्जी और पीएम मोदी को एक समान बताया है।
अमित शाह को ममता बनर्जी का करारा जवाब
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हुगली में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस रैली में ममता बनर्जी ने अमित शाह के बयान पर करारा जवाब दिया है। ममता ने कहा- गृहमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह की भाषा शोभा नहीं देती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा डराने-धमकाने की राजनीति कर रही है, लेकिन बंगाल की जनता इसका जवाब वोट से देगी। ममता ने कहा कि ऐसे बयान चुनावी माहौल खराब कर रहे हैं और निष्पक्ष चुनाव पर असर डाल सकते हैं।
अमित शाह ने क्या कहा?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल के आरामबाग में चुनावी रैली के दौरान गुंडों, माफियाओं और उपद्रवियों को चेतावनी दी थी। अमित शाह ने कहा कि चुनाव के बाद उपद्रवियों को सख्ती से निपटाया जाएगा। अमित शाह ने कहा था कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने के बाद गुंडों को उल्टा लटका कर सीधा कर दिया जाएगा। गृह मंत्री के इस बयान को ममता बनर्जी ने खुली धमकी बताया है। उन्होंने चुनाव आयोग से इस बयान पर संज्ञान लेने की अपील की है। ममता ने कहा- बंगाल की संस्कृति हिंसा नहीं, बल्कि प्रेम और सम्मान पर आधारित है। बाहरी नेता राज्य की भावना नहीं समझते हैं।
राहुल गांधी बोले- ममता और मोदी एक जैसे
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के सेरामपुर में चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा- ममता बनर्जी और नरेंद्र मोदी दोनों ही गरीबों की बजाय अमीरों की मदद कर रहे हैं। ममता और मोदी सत्ता के लिए काम कर रहे हैं। बंगाल, जो कभी औद्योगिक केंद्र था, उसे पहले वाम मोर्चा और फिर तृणमूल कांग्रेस ने कमजोर किया।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री खुद को ‘देशभक्त’ बताते हैं, लेकिन देश को बेच रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा- जहां-जहां प्रधानमंत्री जाते हैं, वहां लोगों के बीच नफरत और डर फैलाते हैं। उन्होंने दावा किया कि देश में इस समय दो विचारधाराओं के बीच संघर्ष चल रहा है- एक तरफ कांग्रेस की एकता, संविधान और भाईचारा, जबकि दूसरी ओर भाजपा और आरएसएस की नफरत, हिंसा और अहंकार की राजनीति है। राहुल गांधी ने रैली में नोटबंदी और जीएसटी को लेकर भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन नीतियों से छोटे उद्योगों को नुकसान पहुंचा है।


