Kannauj News: पारिवारिक विवाद में 4 माह की मासूम की हत्या, जमीन पर पटकने से मौत, गांव में सनसनी

Kannauj News: पारिवारिक विवाद में 4 माह की मासूम की हत्या, जमीन पर पटकने से मौत, गांव में सनसनी

कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने दिल दहला देने वाली घटना का रूप ले लिया। चौकी नौरंगपुर अंतर्गत गांव गौहना खेड़ा में महज चार माह की मासूम बच्ची की कथित रूप से जमीन पर पटककर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने सौतेली दादी और उसके भाई के खिलाफ हत्या की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गांव गौहना खेड़ा निवासी नीरज बाथम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि शनिवार को उसकी मौसी रेखा देवी और छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव बेहटा निवासी मामा विक्की पुरानी रंजिश के चलते उसके घर पहुंचे थे। इस दौरान दोनों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान नीरज की पत्नी ज्योति बीच-बचाव करने आई तो उसके साथ भी मारपीट की गई।

आरोप है कि झगड़े के दौरान रेखा देवी ने ज्योति की गोद से चार माह की मासूम बच्ची तन्वी को जबरन छीन लिया और उसे जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से बच्ची की मौके पर ही हालत बिगड़ गई। परिवार के लोग आनन-फानन में बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पीड़ित नीरज बाथम ने बताया कि उसके पिता लालता प्रसाद बाथम ने तीन शादियां की थीं। उसकी मां के निधन के बाद पिता ने रेखा देवी से विवाह कर लिया था, जिसके चलते पारिवारिक रिश्तों में लंबे समय से तनाव चल रहा था। आरोप है कि मौसी रेखा देवी इस रंजिश के चलते आए दिन झगड़ा करती थी और कई बार मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी थीं। इस विवाद में मामा विक्की भी उसका साथ देता था।

सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों से विस्तृत जानकारी ली और तहरीर के आधार पर रेखा देवी व विक्की के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *