अहमदाबाद मनपा की 190 सीटों पर मतदान आज, 652 प्रत्याशी मैदान में

अहमदाबाद मनपा की 190 सीटों पर मतदान आज, 652 प्रत्याशी मैदान में

Ahmedabad. गुजरात के सबसे बड़े नगर निगम अहमदाबाद महानगर पालिका (मनपा) के 48 वार्ड की 192 सीटों में से 190 सीटों पर रविवार को मतदान होगा। 2 सीटें निर्विरोध हो चुकी हैं। शेष 190 सीटों पर 652 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। शहर में कुल 3800306 मतदाता हैं। इनमें 1967081 पुरुष मतदाता और 1833225 महिला मतदाता शामिल हैं। ओबीसी आरक्षण लागू होने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया के बाद पहली बार मनपा का चुनाव हो रहा है।

दो निर्विरोध सीटों में से थलतेज वार्ड की सीट पर भाजपा की रीटाबेन ठाकोर और वासणा वार्ड में भाजपा की ही भगवतीबेन भरवाड़ निर्विरोध निवार्चित हो गई हैं।

शहर में कुल 1316 इमारतों में 4172 मतदान बूथ हैं। इनमें से 419 इमारतें संवेदनशील हैं। 895 इमारतें सामान्य हैं। दो इमारतें अति संवेदनशील हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 8 हजार सुरक्षा जवान चुनावी ड्युटी में तैनात रहेंगे।

चुनाव आयोग के तहत अहमदाबाद मनपा के सभी 48 वार्ड में चुनाव होगा। रविवार को सुबह सात बजे से लेकर शाम छह बजे तक मत डाले जा सकेंगे। 192 सीटों के लिए कुल 1553 नामांकन पत्र भरे गए थे। इनमें से 22 नामांकन पत्र वापस लिए गए , जबकि 877 नामांकन पत्र रद्द किए गए। दो सीटें निर्विरोध रही हैं। अब 190 सीटों पर 652 प्रत्याशी मैदान में हैं।

30 हजार कर्मी लगे, जिला कलक्टर ने लिया जायजा

अहमदाबाद जिला कलक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि रविवार को अहमदाबाद मनपा के साथ-साथ , 3 नगरपालिकाओं- धोलका, विरमगाम और बारेजा के लिए चुनाव होंगे। साथ ही जिला पंचायत और 9 तहसील पंचायतों-साणंद, धोलेरा, धोलका, देत्रोज-रामपुरा, धंधुका, मांडल, बावला, विरमगाम व दसक्रोई के चुनाव होंगे। इसके लिए शनिवार सुबह से ही पोलिंग पार्टी ईवीएम व अन्य चुनावी सामग्री के साथ मतदान केन्द्रों पर रवाना होने लगी थीं। वे खुद आर.सी.टेक्निकल हाईस्कूल केन्द्र पर पहुंचे थे। कलक्टर ने बताया कि जिले में चुनावी प्रक्रिया में 27 हजार कर्मचारी लगे हैं। डिस्पेच व रिसीविंग सेंटर में ढाई हजार कर्मचारी हैं। ऐसे में 30 हजार कर्मचारी लगे हैं। इसके अलावा सुरक्षा में अन्य जवानों की तैनाती की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *