Video News: मतदान से पूर्व अहमदाबाद पुलिस ने जब्त की 67 लाख विदेशी शराब

Video News: मतदान से पूर्व अहमदाबाद पुलिस ने जब्त की 67 लाख विदेशी शराब

अहमदाबाद. शहर सहित राज्यभर में 26 अप्रेल को मतदान होना है। उससे एक दिन पहले सरदार पटेल रिंग रोड पर दहेगाम चौराहे के समीप गामठी रेस्टोरेंट के पास से शहर पुलिस की प्रिवेंशन ऑफ क्राइम ब्रांच (पीसीबी) टीम ने 67 लाख रुपए की विदेशी शराब और बीयर के टीन जब्त किए हैं। इस मामले में एक आरोपी को पकड़ा है, जबकि चार अन्य आरोपी फरार हैं।

पीसीबी के पीआइ जे.पी.जाडेजा ने संवाददाताओं को बताया कि टीम ने सूचना के आधार पर शनिवार को नाना चिलोडा सर्कल से एस.पी. रिंग रोड होते हुए दहेगाम चौकड़ी की ओर जा रहे एक ट्रक को रोका। जांच करने पर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। वाहन से विदेशी शराब की 25608 बोतल व बीयर के टीन मिले, जिसकी कीमत 67.57 लाख रुपए है। ट्रक सहित 87.67 लाख का मुद्दामाल जब्त किया गया।

चंडीगढ़ से भरी थी विदेशी शराब- बीयर

इस मामले में राजस्थान के अलवर जिले की बहेरोड तहसील के फोलादपुर गाम निवासी कमल सिंह यादव (46) को गिरफ्तार किया है। जबकि हरियाणा के गुड़गांव निवासी रोबिन उर्फ पवन यादव, प्रविंदरसिंह और चंडीगढ़ से जुड़े एक अज्ञात व्यक्ति का इसमें नाम सामने आया है। बताया जाता है कि उसी ने यह विदेशी शराब और बीयर के टीन मिनी ट्रक में भरकर भेजे थे। इसे नडियाद के एक बुटलेगर की ओर से मंगाए जाने की बात सामने आ रही है। इस संबंध में आगे की जांच के लिए टीम ने नरोडा पुलिस को आरोपी और मुद्दामाल सौंपा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *