कैथल में युवक को विदेश भेजने के बहाने धोखाधड़ी:रुपए लेकर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी, केस दर्ज

कैथल में युवक को विदेश भेजने के बहाने धोखाधड़ी:रुपए लेकर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी, केस दर्ज

कैथल के गांव गढी पाडला में एक आरोपी ने एक युवक को विदेश भेजने के नाम पर पांच लाख रुपए ले लिए। रुपए लेने के बाद न तो उसे विदेश भेजा, उल्टा उसे ही धमकी दी कि रुपए मांगे तो तुझे बुरा अंजाम भुगतना पड़ेगा। इस संबंध में युवक ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कुल 26 लाख रुपए मांगे थे गांव गढी पाडला निवासी पवन ने सदर थाना में दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाने का इच्छुक था और विदेश जाकर नौकरी करना चाहता था। उसकी मुलाकात उसके जानकार गांव क्वारतन निवासी आरिफ के माध्यम से प्रभजोत सिंह के साथ हुई, जो विदेश भेजने का काम करता है। प्रभजोत ने उसे विश्वास दिलाया कि वह विदेश भेजने का अधिकृत कार्य करता है। सितंबर 2025 में आरोपी ने उसे आस्ट्रेलिया भेजने की बात कही और 26 लाख रुपए मांगे। साथ ही पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ओरिजिनल डीएमसी आदि दस्तावेज ले लिए। पांच लाख रुपए दे दिए उसके बाद प्रभजोत ने उसे एक कथित वीजा का प्रिंट आउट दिया और टिकट व फाईल चार्ज के नाम पर पांच लाख रुपए की मांग की। आरोपी ने यह भरोसा दिया कि बाकि पैसे आस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद देने होंगे। उसने आरोपी को पांच लाख रुपए दे दिए। फिर काफी समय बीत जाने के बाद भी जब उसे विदेश नहीं भेजा। उसने वीजा की जांच कराई पता चला कि वीजा फर्जी है। वह अपने रिश्तेदारों के साथ प्रभजोत के पास गया और पैसे वापस मांगे। आरोपी ने पैसे वापस देने से साफ मना कर दिया और उसे धमकी दी कि तुझे बुरा अंजाम भुगतना पडेगा और साथ में जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सदर थाना के जांच अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *