छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 23 अप्रैल की रात तीन बदमाश नकाब पहनकर घर घुसे और फायरिंग कर दी। घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मामला बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव का है। सम्मेलाल कश्यप सीमेंट रेत के व्यवसायी है और ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष भी रहे हैं। बदमाशों ने इनके ही घर को निशाना बनाया। गोली लगने से उनका दूसरा बेटा भी घायल हुआ है। सम्मेलाल के मुताबिक, रेत के कारोबार को लेकर उनके बेटे की हत्या की गई है। फिलहाल मामले में जांच जारी है। घटना की ये तस्वीरें देखिए… तीनों भाई बहन एक ही कमरे में सो रहे थे मृतक आयुष कश्यप (19) बीए एलएलबी सेकेंड ईयर का स्टूडेंट था। आशुतोष कश्यप (16) 10वीं का छात्र है। वह बिलासपुर में रहकर पढ़ाई करता है। उसकी एक बहन प्रेरणा कश्यप भी है जो कि जगदलपुर जिले के अंजर गांव पोस्ट ऑफिस में बीपीएम पद पर पोस्टेड है। माता-पिता को कमरे में किया बंद प्रेरणा भी छुट्टी पर घर आई हुई थी। गुरुवार (23 अप्रैल) रात तीनों भाई बहन एक ही कमरे में सो रहे थे। बदमाशों ने वारदात से पहले पीड़ित भाइयों के माता-पिता को कमरे में बंद कर दिया था। वे घर से मात्र 50-60 रुपये कैश और एक आईफोन लूटकर भाग निकले। घायल नाबालिग का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। 3 दिन पहले आयुष के बारे में पूछने आए थे युवक मृतक युवक की बहन प्रेरणा कश्यप के मुताबिक, 3 युवक आए और पहले उसके भाई आयुष को गोली मारी, फिर 16 साल के छोटे भाई को भी निशाना बनाया। तीनों बदमाशों ने चेहरे पर नकाब पहन रखा था। वारदात के बाद आरोपी 3 मोबाइल और पैसे लेकर फरार हो गए। प्रेरणा ने बताया कि करीब एक हफ्ते पहले भी तीन युवक उसके भाई आयुष के बारे में पूछताछ करने आए थे। पिता बोले- रेत कारोबार की वजह से बेटे की हत्या आयुष के पिता सम्मेलाल कश्यप ने आरोप लगाया है कि रेत के कारोबार को लेकर उनके बेटे की हत्या की गई। उनका कहना है कि 19 साल का आयुष रेत का काम करता था और हाल ही में उसने हाइवा और जेसीबी खरीदे थे, जिसके बाद से वह इस काम में एक्टिव था। शहर में नाकेबंदी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे एएसपी उमेश कुमार कश्यप ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। करही गांव में घटना के बाद प्रभारी एसपी निवेदिता पाल, एडिशनल एसपी उमेश कश्यप समेत साइबर और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस घर में लगे CCTV के साथ आसपास के कैमरों की भी जांच कर रही है। अलग-अलग सड़कों पर नाकेबंदी की गई है और कॉल डिटेल के जरिए भी सुराग जुटाए जा रहे हैं। ……………………….. क्राइम से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… लूट के आरोपियों का UP में शॉर्ट एनकाउंटर: 5 करोड़ का सोना जब्त, बिलासपुर सराफा व्यापारी से की थी लूट; सभी आरोपी गिरफ्तार छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारी से लूट के सभी आरोपी पकड़े गए हैं। वारदात के बाद 4 बदमाश यूपी भाग गए थे। जहां पुलिस ने उनका शॉर्ट एनकाउंटर किया। पैर में गोली लगते ही चारों बदमाश पकड़े गए। उनके कब्जे से साढ़े 5 करोड़ का सोना, डेढ़ लाख कैश और पिस्टल बरामद हुआ है। वहीं पांचवा आरोपी बिलासपुर से पकड़ाया है। पढ़ें पूरी खबर


