पार्टी होगी मजबूत, तभी बनेगी सरकारें…, सवा दो साल हो गए, न कोई पूछने वाला, न ही सुनने वाला : डोटासरा

पार्टी होगी मजबूत, तभी बनेगी सरकारें…, सवा दो साल हो गए, न कोई पूछने वाला, न ही सुनने वाला : डोटासरा

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी मजबूत होगी, तभी सरकारें बनेगी। कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे संगठन बढ़ाओ, संविधान बचाओ अभियान के तहत शुक्रवार को फलसूंड गांव में स्थित राजपूत सेवा सदन में आयोजित जिला स्तरीय जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि भाजपा के नेताओं, जनप्रतिनिधियों ने किसी ने नहीं सोचा था कि राजस्थान में भाजपा की सरकार बनाएंगे और भजनलाल मुख्यमंत्री बन जाएंगे। यहां तक कि खुद सीएम भजनलाल को पता था कि वे मुख्यमंत्री बन जाएंगे। वे तो भरतपुर से टिकट मांग रहे थे, यदि मिल जाता तो जमानत जब्त हो जाती। सांगानेर तो भाजपा की ही सीट है और वे जीत गए।

न रोजगार मिला, न कर्जा माफ हो पाया

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में किसानों का कर्जा माफ करने के साथ नि:शुल्क बिजली, मुफ्त इलाज, राशन किट जैसी सौगातें दी, लेकिन भाजपा एक रुपए का भी फायदा नहीं दे सकी है। गेहूं एमएसपी का वादा अधूरा पड़ा है। बेरोजगारों को नौकरी नहीं मिल रही है। कांग्रेस ने अंग्रेजी माध्यम स्कूलें खोली, लेकिन भाजपा बंद कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग ईडी व सीबीआइ का दुरुपयोग करते है। ईडी ने उनके यहां भी रेड डाली। उन्होंने कहा कि जब टिड्डी आती है तो किसानों के नुकसान कर जाती है, लेकिन जब उनके यहां ईडी आई तो देखा कि वह तो पोपली व खोखली थी, कोई दम नहीं था। उन्होंने कहा कि नगर निकाय व पंचायतीराज चुनाव सरकार नहीं करवा रही है। कानून में प्रावधान भी है। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी।

पानी तो देखने को भी नहीं बचा

सभा के दौरान कांग्रेस मध्यप्रदेश प्रभारी व बायतु विधायक हरीश चौधरी ने पोकरण सहित पश्चिमी राजस्थान में पेयजल संकट को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पानी तो देखने को भी नहीं मिल रहा है। साथ ही सवा दो वर्षों से प्रदेश में विकास कार्य ठप होने की बात कही। बाड़मेर-जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने की बात कही। पूर्व केबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि सवा दो वर्षों से पोकरण क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। जनता समस्याओं से त्रस्त है और सरकार व अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे है। जैसलमेर विधायक रूपाराम धणदे ने आगामी पंचायतीराज व नगर निकाय चुनाव में एकजुट होकर कांग्रेस को बहुमत दिलाने के लिए कार्य करने की बात कही।

ये रहे उपस्थित

इससे पूर्व जैसलमेर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने जिले की संगठनात्मक स्थिति की जानकारी दी। मंच पर पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल, महेन्द्र चौधरी, बाड़मेर जिलाध्यक्ष लक्ष्मण गोदारा, बालोतरा जिलाध्यक्ष प्रियंका मेघवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष फतेहखां बाड़मेर, गोविंद भार्गव, पोकरण प्रभारी अंकुर चौधरी, डॉ.भूपेन्द्र बारूपाल, रामसिंह राव सहित कई नेता उपस्थित रहे संचालन अब्दुला फकीर व मंगल खां ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *