सलूंबर कांग्रेस जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता ने कहा- महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की नीयत स्पष्ट नहीं है। भाजपा इस मुद्दे को केवल राजनीतिक लाभ के लिए आगे बढ़ा रही है, जबकि इसके वास्तविक क्रियान्वयन को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है। जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर प्रेस वार्ता की। जिलाध्यक्ष परमानन्द मेहता (एडवोकेट) ने कार्यक्रम की अगुवाई की। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रेशमा मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को वास्तविक सशक्तिकरण तभी मिलेगा, जब उन्हें तुरंत राजनीतिक भागीदारी में उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से विधेयक को जल्द लागू करने की मांग की। इस दौरान नगर परिषद के पूर्व उपसभापति अब्दुल रऊफ खां ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के मुद्दों पर गंभीर नहीं है और केवल घोषणाओं तक ही सीमित है। प्रेस वार्ता में प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के सचिव हबीबुर्रहमान, एसटी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रूपलाल मेघवाल, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मिर्जा माजिद बेग, खेल प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष ईरशाद बबलू खां, ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह राठौड़, प्रदेश कोऑर्डिनेटर मोहम्मद समीर, निवर्तमान पार्षद रामभरोसे पुरोहित, किशन सिंह, नारायण लाल भोई सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


