इटावा के जसवंतनगर क्षेत्र के चौधरी सुघर सिंह इंटर कॉलेज की छात्रा प्रख्या भदौरिया ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है। प्रख्या ने 600 में से 582 अंक प्राप्त किए हैं, जो कुल 97 प्रतिशत है। साधारण परिवार से आने वाली प्रख्या ने बिना किसी कोचिंग के यह सफलता हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रख्या भदौरिया के पिता सुरेंद्र भदौरिया एक प्राइवेट बैंक में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते हैं, जबकि उनकी मां उपमा भदौरिया एक निजी स्कूल में अध्यापिका हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने बेटी की पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया। परिवार की मेहनत और प्रख्या की लगन ने मिलकर यह बड़ी उपलब्धि दिलाई है। मां ने जताई खुशी, बिना कोचिंग पाई सफलता प्रख्या की मां उपमा भदौरिया ने बताया कि उनकी बेटी ने घर पर ही रहकर बिना किसी कोचिंग के पढ़ाई की और अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि नौकरी के कारण वह बच्चों को ज्यादा समय नहीं दे पातीं, लेकिन बेटी ने खुद अनुशासन के साथ पढ़ाई की और यह सफलता हासिल की। परिवार अब उसकी आगे की पढ़ाई में हर संभव मदद करेगा। आईपीएस बनने का सपना और स्कूल की उपलब्धि प्रख्या भदौरिया ने बताया कि वह रोजाना चार से पांच घंटे पढ़ाई करती थी और उसी मेहनत के दम पर उसने टॉप 5 में जगह बनाई। वह आगे चलकर आईपीएस अधिकारी बनना चाहती है। वहीं, चौधरी सुघर सिंह इंटर कॉलेज का रिकॉर्ड भी लगातार बेहतर रहा है, जहां के छात्र-छात्राएं कई वर्षों से यूपी बोर्ड की टॉप टेन सूची में अपनी जगह बना रहे हैं।


