शाजापुर जिले के कांजा सोसायटी स्थित मां भगवती वेयरहाउस खरीदी केंद्र पर गेहूं तुलाई के दौरान अनियमितताएं सामने आई हैं। किसानों ने आरोप लगाया है कि केंद्र पर तौल में निर्धारित मात्रा से ज्यादा गेहूं लिया जा रहा है और भीषण गर्मी में पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। शिकायतों के बाद जिला खाद्य अधिकारी ने मामले की जांच कराने की बात कही है। 50 ग्राम अधिक गेहूं लेने का आरोप किसानों ने बताया कि शासन ने प्रत्येक बोरी पर 600 ग्राम अतिरिक्त वजन लेने के निर्देश दिए हैं, लेकिन केंद्र पर 650 ग्राम तक गेहूं लिया जा रहा है। किसान जितेंद्र पाटीदार ने बताया कि तौल में इस हेरफेर से किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। पहले भी इस संबंध में शिकायत की गई थी, लेकिन प्रबंधन द्वारा कोई सुधार नहीं किया गया। भीषण गर्मी में छांव और ठंडे पानी का अभाव केंद्र पर पहुंचे किसानों ने बताया कि चिलचिलाती धूप में बैठने के लिए छांव की कोई व्यवस्था नहीं है। पीने के लिए केवल गर्म पानी उपलब्ध है, जिससे किसानों को परेशानी हो रही है। तुलाई के कांटों की संख्या कम होने की वजह से किसानों को सुबह से दोपहर तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। बारदान की कमी और धीमी तुलाई प्रक्रिया लोहरवास के किसान सुरेश ने आरोप लगाया कि केंद्र पर बारदान की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। किसानों को बारदान लेने के लिए अन्य स्थानों पर भेजा जा रहा है, जिससे प्रक्रिया में देरी हो रही है। किसान विजय गोस्वामी ने बताया कि स्लॉट बुकिंग और धीमी तुलाई के कारण कई किसान अब तक अपनी उपज नहीं बेच पाए हैं। जिला खाद्य अधिकारी ने दिए जांच के आदेश अनियमितताओं और सुविधाओं की कमी के मामले में जिला खाद्य अधिकारी अंजू मरावी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि शिकायतों के आधार पर जांच समिति गठित कर केंद्र पर भेजी जाएगी। जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों और संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


