प्रतापगढ़ के बरना गांव में वृद्धा की हत्या का मामला:पुलिस की चार टीमें परिजनों और संदिग्धों से कर रही पूछताछ

प्रतापगढ़ के बरना गांव में वृद्धा की हत्या का मामला:पुलिस की चार टीमें परिजनों और संदिग्धों से कर रही पूछताछ

प्रतापगढ़ के हथिगवां थाना क्षेत्र के भोल अमानी का पुरवा (बरना गांव) में 88 वर्षीय वृद्धा फुलझरिया की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने उस समय वारदात को अंजाम दिया, जब वृद्धा अपने घर में खुले दरवाजे के भीतर सो रही थीं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका के बेटे स्वामीनाथ पटेल की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाश चोरी के इरादे से घर में घुसे थे और जेवरात लूटने का विरोध करने पर वृद्धा का गला दबाकर हत्या कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने स्वॉट टीम समेत कुल चार टीमें गठित की हैं। ये टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं और परिजनों सहित कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ जारी है।
हालांकि घटना के दो दिन बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है। गांव में चर्चा है कि चांदी के जेवरात के लालच में ही इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। सीओ कुंडा अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि पुलिस की सभी टीमें लगातार सक्रिय हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *