चंदन चोर गिरोह का सरगना कन्नौज से गिरफ्तार:3 वारदातों का खुलासा, 75 हजार की लकड़ी बरामद

चंदन चोर गिरोह का सरगना कन्नौज से गिरफ्तार:3 वारदातों का खुलासा, 75 हजार की लकड़ी बरामद

सतना पुलिस ने चंदन चोर गिरोह के सरगना को उत्तर प्रदेश के कन्नौज से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी से दो सप्ताह के भीतर सतना के दो थाना क्षेत्रों में हुई चंदन चोरी की तीन वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। नागौद थाना प्रभारी अशोक पांडेय ने बताया कि 11 अप्रैल की रात कचनार निवासी आदित्य सिंह परिहार के बगीचे से चंदन के चार पेड़ काटकर लकड़ी चोरी की गई थी। इसके बाद 15 अप्रैल की रात खैरा निवासी लालमन बागरी की अहरी से भी चंदन के चार पेड़ काटे गए। इससे पहले 1 अप्रैल की रात उचेहरा थाना क्षेत्र के अतरवेदिया निवासी डॉ. नीलेश पांडेय के बगीचे से भी चोरों ने चंदन के आठ छोटे-बड़े पेड़ काट लिए थे। लगातार सामने आ रही इन वारदातों के बाद उचेहरा और नागौद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई थी। पुलिस ने पुराने रिकॉर्ड खंगाले और मुखबिरों व साइबर सेल की मदद ली। मिले सुरागों के आधार पर गिरिराज सिंह (57 वर्ष), पुत्र गुलाब सिंह, निवासी शेखपुरा, जिला कन्नौज-यूपी को उसके गांव से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी गिरिराज सिंह ने नूर आलम के साथ मिलकर तीनों जगहों पर चंदन चोरी की वारदातें करने की बात कबूल की। पुलिस ने उसके कब्जे से 75 हजार रुपये कीमत की चंदन की लकड़ी भी जब्त की है। आरोपी पहले भी कोठी थाना क्षेत्र में चंदन चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है, जिसमें वह गिरफ्तार भी हुआ था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *