Kanpur News:संदिग्ध हालात में मिला यात्री का शव, जहरखुरानी की आशंका

Kanpur News:संदिग्ध हालात में मिला यात्री का शव, जहरखुरानी की आशंका

कानपुर। मुंबई से गोंडा जा रहे एक यात्री का शव पनकी स्टेशन से करीब 23 किलोमीटर दूर सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए सफर कर रहा था। परिजनों ने जहरखुरानी कर लूटपाट किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर विसरा सुरक्षित कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान सोलहू (40) के रूप में हुई है, जो मुंबई के वासी क्षेत्र में होटल संचालित करते थे और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके परिवार में पत्नी समता, बेटी सीमा और एक बेटा है। परिजनों के अनुसार सोलहू स्वभाव से मिलनसार और जिम्मेदार व्यक्ति थे। वह अपने भतीजे कन्हैया की 26 अप्रैल को गोंडा में होने वाली शादी में शामिल होने के लिए काफी उत्साहित थे। इसी खुशी में वह मुंबई से ट्रेन द्वारा गांव के लिए रवाना हुए थे, लेकिन रास्ते में ही उनके साथ यह दुखद घटना हो गई।

मृतक के भतीजे रामबली ने बताया कि वह भी मुंबई में काम करते हैं और चाचा के साथ ही सोमवार सुबह बोरीवली से 8:50 बजे चलने वाली स्पेशल ट्रेन से गांव के लिए रवाना हुए थे। यात्रा के दौरान शाम करीब चार बजे ट्रेन पनकी स्टेशन पर कुछ देर के लिए रुकी। इसी दौरान सोलहू अचानक बिना बताए ट्रेन से उतर गए। ट्रेन चलने के बाद जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।

रामबली ने बताया कि उन्होंने तत्काल घरवालों को सूचना देकर चाचा की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। देर रात सूचना मिली कि पनकी स्टेशन से करीब 23 किलोमीटर दूर सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान सोलहू के रूप में की। परिजनों का आरोप है कि सोलहू जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गए, जिसके बाद उनके साथ लूटपाट की गई। उनके पास से केवल आधार कार्ड मिला, अन्य सामान गायब था।

इस संबंध में रायपुरवा थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसलिए विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *