मेरठ में मकान विवाद, दो पक्षों में पथराव:फायरिंग से इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात

मेरठ में मकान विवाद, दो पक्षों में पथराव:फायरिंग से इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात

मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के सिवाल खास में एक निर्माणाधीन मकान को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार शाम को हिंसक हो गया। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद पथराव और फायरिंग हुई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस के अनुसार, यह विवाद इंतजार पक्ष और आलेनबी पक्ष के बीच एक मकान के निर्माण को लेकर है। आरोप है कि इंतजार पक्ष ने मंगलवार को मकान पर निर्माण कार्य शुरू किया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर इंतजार पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर पथराव किया और फिर गोली चलाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने मौके पर कई राउंड फायरिंग होने की बात कही, जिससे आसपास के क्षेत्र में भगदड़ मच गई। वहीं, दूसरे पक्ष आलेनबी ने आरोप लगाया है कि उन्हें निर्माण कार्य से जबरन रोका गया और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलते ही जानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना निर्माणाधीन मकान को लेकर हुए विवाद का परिणाम है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *