मंडला जिला अस्पताल में जहर खाने से एक 17 वर्षीय युवती की मौत हो गई। युवती को सिवनी जिले के किंदरई थाना क्षेत्र से गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतका के पिता ने बताया कि सोमवार रात अचानक उनकी बेटी को उल्टियां होने लगीं और उसकी तबियत बिगड़ने लगी। परिजनों ने जब उसके बिस्तर की जांच की, तो वहां चूहा मारने वाली दवा की पुड़िया मिली। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों ने युवती की आत्महत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का अंदेशा जताया है। पिता के अनुसार, युवती का किसी युवक के साथ संबंध था, जिसकी जानकारी कुछ समय पहले उसकी मां को लगी थी। परिवार ने उसे समझाया था और भविष्य में उसकी शादी कराने की बात भी कही थी। हालांकि, हाल ही में क्या हुआ, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर संबंधित थाने को भेजा जाएगा। वहां मामले की जांच और अग्रिम कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद ही आत्महत्या की असली वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।


