जबलपुर में अभिभावकों की एक महत्वपूर्ण बैठक इंडियन कॉफी हाउस में आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में अभिभावक शामिल हुए और बच्चों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक का मुख्य केंद्र लिटिल किंगडम स्कूल के कक्षा 10वीं के इंटरनल मार्क्स में कथित अनियमितताएँ थीं। अभिभावकों ने लिटिल किंगडम स्कूल द्वारा कक्षा 10वीं के इंटरनल मार्क्स में कथित अनियमितताओं पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से सीधे संपर्क करने का निर्णय लिया। इसके अतिरिक्त, स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने और प्रशासन की भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। अभिभावक एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने स्पष्ट किया कि शिक्षा के नाम पर किसी भी प्रकार की लापरवाही, अन्याय या शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अभिभावकों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक आवाज़ उठाना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में यह संदेश भी दिया गया कि यदि शिक्षा माफियाओं पर अंकुश लगाना है, तो अभिभावकों की एकता ही सबसे बड़ी शक्ति साबित होगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में अभिभावक रुद्ध सिंह, प्रीति शर्मा, गौरी, भारती, श्वेता राठौर, शिल्पा, दिशा, संगीता, अमित पलिया सहित कई अन्य अभिभावक उपस्थित रहे।


