पटियाला के काली माता मंदिर के बाहर रेहड़ी वालों ने माथा टेकने आई एक महिला और उसके भाई से मारपीट की। महिला आयोग ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शू-मोटो लिया और पटियाला के एसएसपी से इस मामले में जवाब तलबी की है। पंजाब राज्य महिला आयोग की चेयरपर्शन राजलाली गिल ने एसएसपी को नोटिस भेजकर कहा है कि सरेआम महिला पर हाथ उठाने वालों के खिलाफ क्या एक्शन लिया है? उन्होंने एसएसपी को इस मामले की पूरी रिपोर्ट कल तक उनके दफ्तर में भेजने के आदेश दिए हैं। पटियाला पुलिस का कहना है कि इस मामले में जैसे ही शिकायत मिली पुलिस मौके पर पहुंची और तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। महिला के बयान के आधार पर तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है। महिलाओं की सुरक्षा पर उठाये सवाल राज्य महिला आयोग की चेयरपर्शन राजलाली गिल ने एसएसपी को लिखा है कि सरेआम सड़क पर पब्लिक के बीच में एक महिला को इस तरह पीटना सीधे-सीधे उनके शहर में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। आयोग ने एसएसपी को कहा है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई करें और आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराएं लगाएं ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत न करे। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच एक सीनियर अधिकारी से करवाई जाए। कार पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद 19 अप्रैल को विलासपुर से एक परिवार काली माता मंदिर में माथा टेकने आया था। पीड़ित किरन ने बताया कि वो अपने पति, भाई व बच्चे के साथ पटियाला काली माता मंदिर के बाहर पहुंची। उन्होंने कार रोककर सामान उतारा। जिस पर रेहड़ी वालों ने कार हटाने को कहा। उसके बाद उसके पति कार पार्क करने के लिए निकालने लगे। इतने में एक ने धमकी दी कि अगर यहां खड़ी की तो वो कार में से हवा निकाल देंगे। जिस पर उसके भाई ने कहा कि कैसे हवा निकाल दोगे। इसी बात को लेकर वो महिला के भाई को पीटने लगे। महिला की गोद में बच्चा था। ऐसे में ही वो अपने भाई को बचाने लगी तो रेहड़ी वालों ने उसे भी थप्पड़ मार दिए। जिसकी शिकायत उसने पुलिस को दी।


