हिसार जिले के उकलाना मंडी में रेलवे स्टेशन के पास सोमवार शाम एक बार फिर झाड़ियों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे स्टेशन के आसपास काफी मात्रा में सूखी झाड़ियां खड़ी हैं। सोमवार शाम अज्ञात कारणों से इनमें अचानक आग लग गई, जो तेज हवा के चलते तेजी से फैलने लगी। आग की लपटें और धुआं दूर से ही दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।
दमकल ने पाया काबू सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी प्रयास करने पड़े। अंततः कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। पंचकूला कंट्रोल रूम से घटना की जानकारी मिली फायर ऑपरेटर संदीप कुंडू ने बताया कि उन्हें पंचकूला कंट्रोल रूम से घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत दो दमकल गाड़ियों के साथ टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा नुकसान और बढ़ सकता था। कुछ दिन पहले भी लग चुकी गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी स्थान पर झाड़ियों में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें काफी नुकसान हुआ था। उस समय रेलवे स्टेशन के पास कोयले से भरी एक मालगाड़ी खड़ी थी। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।


