करंजी ब्रिज के नीचे फिर हादसा, बाइक सवार की मौत

करंजी ब्रिज के नीचे फिर हादसा, बाइक सवार की मौत

-फोरलेन सर्विस मार्ग की तकनीकी खामियों पर ग्रामीणों में आक्रोश, 24 घंटे में दूसरा बड़ा हादसा।

बैतूल। बैतूल-इंदौर फोरलेन पर खेड़ी क्रासिंग स्थित करंजी ब्रिज के नीचे सर्विस मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर सडक़ निर्माण की खामियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार शाम हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान भोपाल एम्स में मौत हो गई। घटना के बाद खेड़ीसांवलीगढ़ क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार खेड़ीसांवलीगढ़ निवासी कृष्णा पिता कचरू अतुलकर जो पेशे से ड्राइवर था, शनिवार 19 अप्रेल की शाम अपनी बुलेट से बैतूल जा रहा था। इसी दौरान करंजी ब्रिज के नीचे सर्विस मार्ग पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे करंजी नदी में जा गिरा। हादसे में कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए भोपाल एम्स रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कृष्णा की मौत की खबर गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और परिचितों ने युवक की असमय मौत पर गहरा दुख जताया है।
24 घंटे में दूसरा बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि इसी स्थान पर 24 घंटे पहले भी एक बड़ा हादसा हुआ था, जब रेत से भरा एक डंपर करंजी ब्रिज के नीचे पलट गया था। हादसे में डंपर का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया था। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
तकनीकी खामियों का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि फोरलेन निर्माण के दौरान खेड़ी सर्विस मार्ग को जल्दबाजी में तैयार किया गया है। ब्रिज के नीचे बनाए गए यू-टर्न को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से नहीं बनाया गया, जिसके कारण वाहन चालकों को मोड़ लेते समय भारी परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां सीधा पुल बनाकर मार्ग को जोड़ा जाना चाहिए था, लेकिन बिना उचित योजना के मार्ग बना दिया गया।
कार्रवाई की मांग
लगातार हो रही दुर्घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसी से तत्काल सुधार कार्य कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सर्विस रोड की खामियां दूर नहीं की गईं, तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *