बलरामपुर में एमएलके पीजी कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग में 19 अप्रैल को एक अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर उनके समग्र विकास की दिशा में प्रभावी पहल करना था। बैठक में शिक्षा, संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर जे.पी. पांडेय के निर्देशन में तथा विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन की अध्यक्षता में यह गोष्ठी संपन्न हुई। इसका मुख्य लक्ष्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक, नैतिक और सामाजिक विकास को बेहतर बनाने के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच एक प्रभावी संवाद स्थापित करना था। अपने संबोधन में विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने अभिभावकों का स्वागत किया और विद्यार्थियों की प्रगति में अभिभावकों व शिक्षकों के समन्वय को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सभी से निरंतर सहयोग बनाए रखने की अपील की। गोष्ठी में विद्यार्थियों के शैक्षिक प्रदर्शन, विभागीय गतिविधियों और व्यक्तिगत प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
साथ ही, महाविद्यालय की शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अभिभावकों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए।गोष्ठी के दौरान अभिभावकों ने भी अपने विचार खुलकर साझा किए। कृष्ण गोपाल शुक्ला और प्रिंसी शुक्ला ने महाविद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण की सराहना की और बच्चों के लिए अभिभावकों द्वारा समय निकालने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, विशाल श्रीवास्तव और आदित्य श्रीवास्तव ने परीक्षा की तैयारी से जुड़े उपयोगी सुझाव दिए और शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की।कार्यक्रम के अंत में डॉ. वीर प्रताप सिंह ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षक-अभिभावक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर डॉ. मोहम्मद अकमल, डॉ. शिव महेंद्र सिंह, राहुल यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


