प्रेमी ने जब तक दम नहीं तोड़ा-प्रेमिका मारती रही हथौड़ा:आगरा में दिल दहला देने वाला हत्याकांड, घर से थैले में रखकर होटल में लाई थी हथौड़ा और चाकू

प्रेमी ने जब तक दम नहीं तोड़ा-प्रेमिका मारती रही हथौड़ा:आगरा में दिल दहला देने वाला हत्याकांड, घर से थैले में रखकर होटल में लाई थी हथौड़ा और चाकू

ब्लैकमेलिंग से परेशान शादीशुदा महिला तब तक अपने प्रेमी के सिर पर हथौड़ा मारती रही, जब तक उसने दम नहीं तोड़ दिया। खून से लथपथ प्रेमी उसके सामने छटपटाता रहा लेकिन महिला के हाथ नहीं कांपे। वह ताबड़तोड़ प्रहार करती रही। जब तसल्ली हो गई कि अब उसमें जान नहीं बची, तब चीखती हुई होटल के कमरे से बाहर भागी। इससे पहले उसने नशे में धुत प्रेमी की गर्दन पर चाकू भी मारा। कमरे में हर तरफ बिखरे खून के छिंटे देखकर भी उसका दिल नहीं पसीजा। प्रेमी को मौत के घाट उतारने के बाद ही उसके हाथ रुके। दिल दहला देने वाले हत्याकांड को अंजाम देने वाली महिला के माथे पर कोई शिकन नहीं थी। ब्लैकमेलिंग से तंग महिला ने पूरी प्लानिंग के साथ प्रेमी की बेरहमी से हत्या की। जिसने भी कमरे का वह सीन देखा, उसका कलेजा कांप गया। खौफनाक हत्याकांड की ये कहानी आगरा के इटौरा स्थित होटल ताजपथ की है। जहां एक शादीशुदा के महिला के सिर पर प्रेमी को मौत के घाट उतारने का भूत इस कदर सवार हुआ कि जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं, उसके हाथ नहीं थमे। मौत का यह खेल लगभग डेढ़ घंटे तक चला। पूरी प्लानिंग के साथ उसने प्रेमी को अपनी जिंदगी से हटाया। पहले घटनाक्रम जानिए…
आगरा के मलपुरा थाना अंतर्गत इटौरा स्थित होटल ताजपथ के कमरा नंबर 204 में शुक्रवार दोपहर लगभग 1 बजे फतेहपुर सीकरी निवासी 35 वर्षीय खिल्लो का शव मिला। हत्या के आरोप में मकरौल निवासी उसकी प्रेमिका प्रीति को हिरासत में लिया गया है। महिला शादीशुदा है और दो बच्चों की मां है। होटलकर्मी की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। मौके से हत्याकांड में प्रयोग हुआ हथौड़ा और चाकू बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने मृतक खिल्लो के भाई अजय की तरफ से प्रीति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस तरह दिया दिल दहला देने वाले हत्याकांड को अंजाम
शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे दोनों ताजपथ होटल पहुंचे थे। दोनों होटल के तीसरी मंजिल स्थित कमरा नंबर 204 में पहुंचे। थोड़ी देर बार खिल्लो होटल से बाहर जाता है और शराब लेकर आता है। दोनों ने यहां शराब पी। आरोपी महिला ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया-शराब पीने के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। मौका पाकर प्रीति ने थैले में से पहले चाकू निकाला और नशे में धुत खिल्लो की गर्दन पर मारा। इससे खिल्लो पलटकर गिरा। उसने पुलिस को बताया-खिल्लो दर्द से कराह रहा था, इसी बीच उसने थैले में एक हथौड़ा निकाला और उसके सिर पर एक के बाद एक 4-5 वार किए।
जब देखा कि वह मर गया, वह चीखती हुए कमरे से बाहर आई। होटल के स्टाफ ने उसे देख लिया और पुलिस को सूचना दे दी। जिसके बाद वह मौके से ही पकड़ी गई। दोपहर लगभग 12.30 बजे उसने खिल्लो की हत्या की। इस तरह से उसने खिल्लो के साथ लगभग डेढ़ घंटे तक मौत का खेल खेला। ब्लैकमेल कर रहा था प्रेमी
प्रीति ने पुलिस को बताया-खिल्लो के पास उसके कुछ फोटो और वीडियो थे। जिन्हें दिखाकर वह बार-बार उसे बुलाता था। न आने पर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देता था। इससे परेशान होकर उसने कुछ दिन पहले ही प्रेमी को रास्ते से हटाने की प्लानिंग की। महिला ने फोन करके दिल्ली से बुलाया प्रेमी!
इधर, खिल्लो के भाई अजय का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि खिल्लो दिल्ली से कब आया? उसका कहना है कि लगभग एक महीने पहले ही खिल्लो फतेहपुर सीकरी स्थित घर से दिल्ली काम करने गया था। वह दिल्ली में बदल-बदल कर काम करता था। वह दिल्ली से सीधे इटौरा स्थित होटल में कब और कैसे पहुंचा, यह उन्हें नहीं पता। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि जिस तरह से महिला ने प्लानिंग के साथ हत्याकांड को अंजाम दिया है, उसके तहत उसने ही फोन करके खिल्लो को दिल्ली से मिलने के बहाने बुलाया हो। खिल्लो के भाई अजय का कहना है कि उन्हें शुक्रवार दोपहर लगभग 1 बजे पुलिस ने घटनाक्रम की सूचना दी। इससे पहले उन्हें नहीं पता था कि उसका भाई आगरा आया हुआ है। सोची-समझी साजिश के तहत दी मौत
प्रीति ने खिल्लो से रास्ते से हटाने के लिए पहले से ही पूरी तैयार की थी। होटल आने से पहले ही उसने एक थैले में हथौड़ा और चाकू रख लिया था। इतना ही नहीं, घटनास्थल पर उसने एक मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। पुलिस को घटनास्थल से दो मोबाइल फोन मिले हैं। इसमें एक मोबाइल फोन टूटा हुआ है। आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि ये मोबाइल फोन उसी ने तोड़ा है। पुलिस ने मोबाइल फोन के साथ-साथ कॉल डिटेल की छानबीन कर रही है। …इसलिए शराब पिलाई
पुलिस छानबीन में पता चला है कि शराब के लिए भी महिला ने ही खिल्लो को शराब लाने के लिए कहा था, जिससे कि वह शराब के नशे में धुत हो जाए। क्योंकि होश-ओ-हवास में वह खिल्लो को नहीं निपटा पाती। इसलिए उसने पहले उसे शराब पिलाई, जिससे कि वह कमजोर हो जाए और वह उसे दबोच ले। अब जानिये प्रीति के बारे में
प्रीति की शादी वर्ष 2014 में भरतपुर निवासी दिनेश से हुई थी। उसके दो बेटे हैं। बड़ा 11 साल का और दूसरा 4 महीने का है। शादी के कुछ साल बाद ही दिनेश काम-धंधे की तलाश में आगरा के मकरौल में आकर बस गए थे। दिनेश कपड़े की दुकान पर काम करता है। वहीं, प्रीति नर्सिंग का काम करती थी। मगर, दूसरा बच्चा छोटा होने के कारण उसने नर्सिंग का काम फिलहाल छोड़ रखा था। पुलिस खंगाल रही रिकॉर्ड
फतेहपुर सीकरी निवासी खिल्लो और प्रीति दूर के रिश्ते में मामा-भांजी लगते हैं। खिल्लो का बचपन से ही उसके घर आना-जाना था। पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर यह छानबीन कर रही है कि दोनों कब रिलेशनशिप में आए। खिल्लो के परिजन भी इस बात से पूरी तरह से अंजान हैं। डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया- महिला ने पूछताछ में बताया है कि खिल्लो के पास उसके कुछ वीडियो और फोटो थे, जिनकी धमकी देखकर वह उसे बुलाता था। पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर छानबीन कर रही है कि दोनों कब से रिलेशनशिप में थे। इसके साथ ही हत्याकांड के अन्य पहलुओं की भी छानबीन की जा रही है ——————–

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *