डिंडौरी में कलेक्टर ने बदला स्कूलों का समय:ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्कूल बंद मिले, अधिकारी जांच कराएंगे

डिंडौरी में कलेक्टर ने बदला स्कूलों का समय:ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्कूल बंद मिले, अधिकारी जांच कराएंगे

डिंडोरी: गर्मी के बढ़ते तापमान को देखते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने गुरुवार शाम को स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय में बदलाव किया था। इसके बावजूद, शुक्रवार सुबह ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्कूल बंद पाए गए। इस मामले में अब अधिकारी जांच कराने की बात कह रहे हैं। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के प्रतिवेदन पर आदेश जारी किया था। इसके तहत, शासकीय और निजी स्कूलों में नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित करने का निर्देश दिया गया था। यह कदम बच्चों को गर्मी के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए उठाया गया। मेहदवानी विकासखंड के स्कूलों में ताले लटके मिले। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, डुलहरी प्राथमिक शाला और घटिया टोला में सुबह 8:30 बजे तक ताला लगा रहा। घटिया टोला में हीरा लाल यादव और ममता इनवाती नामक दो शिक्षक पदस्थ हैं, जबकि दुलहरी प्राथमिक शाला में शुंभ नाथ पदस्थ हैं। इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि स्कूल के समय परिवर्तन का पत्र देर रात मिला था, जिसे ग्रुप में भेज दिया गया था। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ शिक्षकों ने शायद इसे न देखा हो। उन्होंने यह भी कहा कि निरीक्षण की जवाबदेही बीआरसी और जनशिक्षक की होती है। डिंडोरी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सतीश धुर्वे ने कहा कि नगर में सभी विद्यालय खुले हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं-कहीं दिक्कत हो सकती है। उन्होंने बताया कि देर रात आदेश मिलने के कारण कल से जनशिक्षकों के माध्यम से निरीक्षण कराया जाएगा। जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) श्वेता अग्रवाल ने बताया कि शिक्षकीय कार्य के अलावा नामांकन, आधार अपडेट, अपार आईडी सहित अन्य शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य समय सीमा में किए जाएंगे। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को गर्मी के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रखा जा सके। पिछले तीन दिनों से जिले में लगातार तापमान बढ़ रहा है। जिला मुख्यालय का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *