फतेहाबाद जिले की 46 महिलाएं आज (शुक्रवार) को महिला आरक्षण बिल की साक्षी बनेंगी। इन महिलाओं को दिल्ली में संसद की कार्यवाही देखने का मौका मिलेगा। महिलाओं के दल को सुबह दिल्ली के लिए रवाना किया गया है। इन महिलाओं को जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खिचड़ के नेतृत्व में भेजा गया है। बता दें कि, महिला आरक्षण से जुड़े बिल पर आज लोकसभा में दूसरे दिन भी चर्चा होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस पर जवाब देंगे। इसके बाद शाम 4 बजे बिल पर वोटिंग कराई जाएगी। इन खास पल के लिए बीजेपी की ओर से कई लोकसभा क्षेत्रों से महिलाओं को संसद कार्यवाही दिखाने के लिए आमंत्रित किया गया है। फतेहाबाद जिले में नारी शक्ति वंदन अभियान की जिला संयोजक जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खिचड़ को बनाया गया। इसके बाद महिलाओं से आवेदन मांगे गए। सारी प्रक्रिया के बाद 46 महिलाओं को शॉर्ट लिस्टिड करके सूची तैयार की गई है। केंद्रीय मंत्री खट्टर की टीम संभालेंगी व्यवस्था इन महिलाओं को सबसे पहले हरियाणा भवन ले जाया जाएगा। जहां केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की टीम इनके लिए सारी व्यवस्थाएं करेंगी। पहले इन महिलाओं को भोजन करवाया जाएगा। इसके बाद खट्टर टीम ही इनके पास की व्यवस्था करेगी। हरियाणा भवन से दोपहर बाद सीधा इन्हें संसद भवन ले जाया जाएगा। जहां दर्शक दीर्घा में बैठकर वे संसद की कार्यवाही को नजदीक से देख सकेंगी। इन महिलाओं को मिला मौका दिल्ली जाने वाली महिलाओं में जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खिचड़, भाजपा महिला जिलाध्यक्ष सुमन बजाज, नगर परिषद उपप्रधान सविता टुटेजा, पंचायत समिति चेयरपर्सन पूजा बरसीन व गुरप्रीत कौर, मनोनीत पार्षद पूनम सिंगला व वीना रानी, सरपंच सुनीता रानी व सुमन देवी जनप्रतिनिधि के तौर पर शामिल रही। साथ ही शिक्षा जगत से प्रोफेसर अमरजीत कौर, टीचर सिमरन कौर गिल, सोनिया व वंदना को चुना गया है। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की पांच सदस्य भी दिल्ली गई हैं। नगर परिषद की ब्रांड एंबेसडर सियाज पूनिया भी दल में शामिल हैं। बाकी बीजेपी महिला कार्यकर्ताओं को मौका मिला है। महिलाओं के लिए आज का दिन ऐतिहासिक- सुमन खिचड़ जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खिचड़ ने कहा कि महिलाओं के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। इस बिल के पास होने से राज्य की विधानसभाओं और देश की लोकसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। इससे आम घरों की महिलाओं को भी राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। महिलाओं के हित में इतना बड़ा फैसला लेने के लिए देश की महिलाएं पीएम नरेंद्र मोदी और सरकार की आभारी रहेंगी।


