प्रतापगढ़ पुलिस ने अवैध अफीम डोडाचूरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छोटीसादड़ी पुलिस और जिला विशेष शाखा (DSB) की संयुक्त टीम ने 8 किलो 925 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में वांछित आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्रसिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। पुलिस को 16 अप्रैल 2026 को जिला विशेष शाखा प्रतापगढ़ के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक शंकरलाल से सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ के एक मामले (प्रकरण संख्या 42/2026, धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट) में फरार आरोपी राहुल पुत्र भगवतीलाल मीणा, निवासी रम्भावली, थाना छोटीसादड़ी, अपने गांव में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम रम्भावली गांव में राहुल मीणा के सड़क किनारे स्थित पशुबाड़े पर पहुंची। वहां एक युवक खाट पर सोया हुआ था, जिसने पुलिस को वर्दी में देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल पुत्र भगवतीलाल मीणा (30 वर्ष) निवासी रम्भावली बताया। भागने का कारण पूछने पर वह घबरा गया और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। राहुल मीणा और उसके पशुबाड़े में अवैध वस्तु होने की संभावना पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाड़े में दो कट्टे मिले, जिनके मुंह खुले हुए थे। एक कट्टे में चीरा लगा हुआ अधकुचला डोडाचूरा और दूसरे कट्टे में बिना चीरे वाला डोडाचूरा भरा हुआ था। दोनों कट्टों का कुल वजन 8 किलो 925 ग्राम पाया गया। पुलिस ने डोडाचूरा जब्त कर आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना छोटीसादड़ी पर प्रकरण संख्या 111/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


