भरतपुर के तातामड़ गांव में कुछ लोगों ने एक घर में घुसकर सदस्यों पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि बाबा साहब की जयंती मनाने को लेकर हमला किया गया। आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-फरसों से पीटा। हमले में एक लड़की समेत 5 लोग घायल हुए। हालांकि गांव के लोगों का कहना है कि मामला आपसी रंजिश का है। घटना सेवर थाना क्षेत्र के तातामड़ गांव में 15 अप्रैल (बुधवार) शाम 7 बजे के करीब हुई। गुरुवार को पीड़ित पक्ष ने सेवर थाने में FIR दर्ज कराई। तीन घायलों का इलाज भरतपुर के RBM हॉस्पिल में चल रहा है। पुलिस बोली-कुछ लोग डिटेन, जांच कर रहे सीओ ग्रामीण कन्हैया लाल चौधरी ने बताया- तातामड़ गांव निवासी जवाहर सिंह ने FIR दी है। इसमें जवाहर सिंह ने बताया- 15 अप्रैल की शाम 7 बजे गांव के ही पुष्कर, विनोद, ओमकार, भूरा, मनोज, जयपाल, नेतराम, भानू, पंकज और मोहित ने हमारे घर आए। उनके हाथों में लाठी-फरसे थे। आते ही उन्होंने कहा कि तुम्हारी अंबेडकर जयंती मनाने की हिम्मत कैसे हुई? परिवार के लोग घर के बाहर निकले तो उन्होंने हमला कर दिया। मेरे भतीजे देवेंद्र, भाई प्रेम सिंह, बदन सिंह, सुंदर, नंदकिशोर और बेटी सरूपा को चोटें आई। भतीजे देवेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई है। भाई सुंदर की आंख के ऊपर चोट है। तीन अन्य लोगों को भी चोटें आईं। उन्होंने हमारे घर पर पथराव भी किया। झगड़ा होता देख पड़ोसी इकट्ठे हो गए। उन्होंने हमलावरों को रोका। घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया। पुलिस जाप्ता तैनात पुलिस के मुताबिक-सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस जाप्ता तैनात किया है। तीन घायलों प्रेम सिंह, बदन सिंह और सरूपा का आरबीएम अस्पताल में इलाज जारी है। मामले की जांच कर रहे हैं। कुछ लोगों को डिटेन किया है। गांव के लोग बोले- दोनों पक्षों में रंजिश घटना को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों में रंजिश है। घटना से एक दिन पहले 14 अप्रैल को भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद राजीनामा हो गया था। दूसरे दिन एक पक्ष के युवक के साथ मारपीट कर दी गई। इसके बाद यह घटना हुई।


