डिलीवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा:आरोप- ब्लड चढ़ाने के दौरान बिगड़ी हालत, ACMO ने दिए जांच के आदेश

फतेहपुर के मिशन अस्पताल में डिलीवरी के बाद खून चढ़ाने के दौरान एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही और गलत ब्लड चढ़ाने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, जबकि एसीएमओ ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के हरिहरगंज मोहल्ले में स्थित मिशन अस्पताल की है। लखीमपुर, खागा निवासी रमाकांत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी 30 वर्षीय पत्नी सविता देवी को 15 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। रात 9:30 बजे ऑपरेशन से उनकी पत्नी ने एक पुत्र को जन्म दिया। शुरुआत में मां और बच्चा दोनों स्वस्थ थे। रमाकांत सिंह के अनुसार, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उनकी पत्नी को खून की कमी बताकर ब्लड चढ़वाया, जिसकी व्यवस्था अस्पताल के डॉक्टरों ने स्वयं की थी। ब्लड चढ़ाने के दौरान सविता देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और गुरुवार दोपहर 1 बजे उनकी मौत हो गई। पति ने मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। महिला के जेठ रविकांत सिंह ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद मां और बच्चा दोनों स्वस्थ थे। डॉक्टरों ने बताया कि शरीर में 7 यूनिट खून की कमी है। जब परिवार ने खून दान करने की पेशकश की, तो डॉक्टर ने अपने किसी परिचित के यहां से 15 अप्रैल की रात को ब्लड मंगवाकर चढ़ाना शुरू कर दिया। ब्लड चढ़ाने के दौरान ही सविता की हालत बिगड़ने लगी, जिस पर उन्होंने इसे रोकने के लिए कहा था। रविकांत सिंह ने आगे बताया कि गुरुवार सुबह जब वे अस्पताल में मौजूद नहीं थे, तो वही ब्लड फिर से चढ़ाया गया, जिससे उनकी भाभी की हालत और बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। परिजनों ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रमाकांत सिंह की तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, एसीएमओ ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। इस मामले में शाम को मौके पर पहुचे झोलाछाप के प्रभारी एसीएमओ डॉक्टर पी के सिंह ने बताया कि हमने खुद भी जांच किया है और अलग से जांच टीम को लगाया है।महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *