Russian-Ukraine War: यूक्रेन पर रूस का मिसाइल-ड्रोन से भीषण हमला; 16 की मौत, 100 से अधिक घायल

Russian-Ukraine War: यूक्रेन पर रूस का मिसाइल-ड्रोन से भीषण हमला; 16 की मौत, 100 से अधिक घायल

Russia Ukraine conflict: दुनिया का ध्यान मध्य-पूर्व में अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव और शांति वार्ता की कोशिशों पर है, वहीं रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमला कर कोहराम मचा रखा है। दरअसल, रूस ने यूक्रेन की राजधानी समेत कई जगहों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमले किए, जिससे कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है।

यूक्रेन की वायुसेना की तरफ से गुरुवार को जानकारी दी गई कि रूस ने पिछले 24 घंटों में 659 ड्रोन और 44 मिसाइलें दागीं। इनमें से 636 ड्रोन और 31 मिसाइलों को हवा में ही मार गिराने का दावा किया गया है। हालांकि, कई हमले नागरिक क्षेत्रों और बुनियादी ढांचे पर हुए, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि इन हमलों में 16 लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।

‘रूस पर लगे प्रतिबंधों में ढील नहीं मिले’

हमले के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हमले की कड़ी निंदा की और सोशल मीडिया पर लिखा, ‘एक और रात ने यह साबित कर दिया है कि रूस किसी भी तरह की वैश्विक नीति में ढील या प्रतिबंधों को हटाने का हकदार नहीं है।’

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह घटना साबित करती है कि रूस पर अंतरराष्ट्रीय दबाव और प्रतिबंधों में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि रूस लगातार युद्ध को बढ़ावा दे रहा है और शांति की संभावनाओं को कमजोर कर रहा है। ज़ेलेंस्की वर्तमान में यूरोपीय देशों से समर्थन जुटाने के लिए दौरे पर हैं। यूरोपीय संघ की परिषद के प्रमुख एंटोनियो कोस्टा ने भी रूसी हमले की कड़ी आलोचना की। उन्होंने रूस पर नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप लगाया और इसे एक ‘भयानक हमला’ करार दिया।

आपको बता दें कि क्रेमलिन का यह ताजा घातक हमला 32 घंटे के ऑर्थोडॉक्स ईस्टर संघर्ष-विराम के समाप्त होने के बाद हुआ है। दोनों देशों ने इस संघर्ष-विराम के दौरान एक-दूसरे पर बड़े पैमाने पर नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाए थे।

यूक्रेन ने भी रूस पर हमले तेज किए

कीव ने भी रूस पर अपने लंबी दूरी के ड्रोन और मिसाइल हमलों को तेज कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि रातभर यूक्रेन द्वारा किए गए हमलों में दक्षिणी रूस में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल था।

रूस-यूक्रेन वार्ता क्यों पटरी से उतरी

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका की अगुवाई में चल रही शांति वार्ता मध्य-पूर्व में जारी तनाव के चलते पटरी से उतर गई है। फरवरी 2022 में शुरू हुआ रूस-यूक्रेन युद्ध अब अपने पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। अमेरिका और ईरान-इज़राइल के बीच चल रहे तनाव के कारण यह प्रक्रिया प्रभावित हुई है।

यहां बता दें कि 2022 में रूस के यूक्रेन पर आक्रमण में अब तक लाखों लोग मारे गए हैं और करोड़ों लोग विस्थापित हुए हैं। यह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप का सबसे घातक संघर्ष साबित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *