प्रतापगढ़ पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन करते एक डंपर को जब्त किया है। एसपी बी. आदित्य के निर्देश पर, छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने गोमाना क्षेत्र में एक डम्पर जब्त किया। इस डंपर में क्षमता से अधिक बजरी भरी थी और उसके पास रॉयल्टी के वैध कागजात नहीं थे। ये कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में हुई। पुलिस टीम गोमाना क्षेत्र में नियमित वाहन जांच कर रही थी। जांच के दौरान, पुलिस ने एक डंपर को रोका। जांच करने पर पाया गया कि डंपर में निर्धारित क्षमता से अधिक बजरी भरी हुई थी। डंपर ड्राइवर की पहचान किशन लाल गायरी, निवासी ऐरा, थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई। जब उससे बजरी परिवहन से संबंधित रॉयल्टी और अन्य आवश्यक कागजात मांगे गए, तो वो उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका। क्षमता से अधिक बजरी और बिना रॉयल्टी के अवैध परिवहन पाए जाने पर पुलिस ने डंपर को मौके पर ही जब्त कर लिया। इस संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए खनन विभाग को सूचित कर दिया गया है।


