Jhalawar Crime: पूर्व सरपंच का बेटा गिरफ्तार, 7 लाख की सुपारी देकर रची थी हत्या की साजिश

Jhalawar Crime: पूर्व सरपंच का बेटा गिरफ्तार, 7 लाख की सुपारी देकर रची थी हत्या की साजिश

Jhalawar Police Action: खानपुर पुलिस ने रंजिश के चलते रची गई हत्या की साजिश का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। उसने 7 लाख रुपए की सुपारी देकर एक व्यक्ति की हत्या कराने का षड्यंत्र रचा था।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 5 अप्रेल को खानपुर थाने में दर्ज मामले की जांच के दौरान टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित प्रयासों के आधार पर आरोपी धनराज मीणा उर्फ धनजी पुत्र सियाराम मीणा निवासी लाखाखेड़ी को गिरफ्तार किया।

पुरानी रंजिश बनी वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी का लाखाखेड़ी निवासी दुर्गाशंकर नागर से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने नागर की हत्या की साजिश रची और सुपारी देकर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया, लेकिन परिवादी ने दुर्गाशंकर की हत्या करने से मना कर दिया, तो आरोपी धनराज ने परिवादी को धमका कर सुपारी की राशि से डेढ़ गुना राशि वसूलने को लेकर जबरन खाली चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए। इस पर परिवादी ने पांच अप्रेल को पुलिस के यहां परिवाद पेश कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई और साजिश का खुलासा हुआ।

पुलिस के अनुसार आरोपी और उसके परिवार के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी धनराज का पिता सियाराम मीणा पूर्व में कंवल्दा पंचायत का सरपंच रहा था।

वहीं दूसरे पक्ष के दुर्गाशंकर नागर की पत्नी पवित्रा नागर वर्तमान में कंवल्दा पंचायत की सरपंच है। इन दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो साजिश की वजह बना। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज किया है। खानपुर थानाधिकारी कृष्णगोपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

रंजिश को लेकर युवक पर हमला

दूसरी ओर झालरापाटन के गोमती सागर तालाब के तट पर स्थित चौपाटी के यहां मंगलवार दोपहर को पुरानी रंजिश को लेकर आधा दर्जन लोगों ने एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे एसआरजी चिकित्सालय झालावाड़ में भर्ती कराया।

jhalawar crime
एसआरजी चिकित्सालय झालावाड़ में भर्ती घायल युवक (फोटो: पत्रिका)

पुलिस ने बताया कि नगारची मोहल्ला निवासी नासिर अली अपने घर से दुकान जा रहा था। द्वारिकाधीश मंदिर के पास चौपाटी पर उसी के मोहल्ले के रईस, शाहरुख, फिरोज, शानू, अमन और जाहिद ने उसकी बाइक रुकवा कर उस पर डंडों और सरियों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में उसके एक हाथ और एक पैर मे फ्रैक्चर हो गया, इसके अलावा शरीर पर अन्य कई जगह चोटें आई। पुलिस घायल के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि हमले का कारण पुरानी रंजिश हो सकती है, क्योंकि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और 3 फरवरी को भी इनके बीच झगड़ा हुआ था। थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस ने हमले के तुरंत बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की, जिस पर चार मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *