शाहजहांपुर में एक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। शुक्रवार शाम खुटार कस्बे में बाल कटवाने जा रहे साइकिल सवार बटेशवर को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल बटेशवर ने इलाज के दौरान देर रात दम तोड़ दिया। यह घटना खुटार थाना क्षेत्र के मलिका गांव के पास हुई। बटेशवर अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर गांव के बाहर सड़क पर थे, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बटेशवर साइकिल से उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बटेशवर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा और उनकी पहचान कर परिजनों को जानकारी दी। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
बटेशवर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक बटेशवर के चार बेटे थे, जिनमें से दो का निधन हो चुका है। उनकी दो विवाहित बेटियां भी हैं। बटेशवर अपनी पत्नी पुताना देवी के साथ खेतीबाड़ी का काम करते थे। पुलिस ने बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।


