खैरथल-तिजारा जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जाजोर में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए एक टीचर ने नई पहल की है। कक्षा 7 के अध्यापक संजय कौशिक ने जुलाई माह से प्रत्येक कक्षा में सर्वाधिक उपस्थिति वाले छात्र/छात्रा को प्रतिमाह 100 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पहली भी दिया जा चुका है पुरस्कार यह पुरस्कार राशि संजय कौशिक स्वयं प्रदान करेंगे। इससे पहले, अप्रैल माह में सर्वाधिक उपस्थिति वाली दो छात्राओं, फिजा और साबरुन, को पानी की बोतलें पुरस्कार स्वरूप भेंट की गई थीं। ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति अक्सर अनियमित रहती है। इस समस्या को दूर करने और छात्रों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। विद्यालय स्टाफ और प्रधानाचार्य संगीता यादव ने इस पहल की सराहना की है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य संगीता यादव, अध्यापक हरिराम जाटव, अयूब खान, वीरेंद्र सिंह, वीर सिंह पूनिया, कंचन तौंदवाल, पूनम यादव और संजय कौशिक उपस्थित रहे।


