डूंगरपुर में 3 कोचिंग सेंटरों पर होगी FIR:अवैध पोस्टर-बैनर लगाने पर नगर परिषद ने की कार्रवाई

डूंगरपुर में 3 कोचिंग सेंटरों पर होगी FIR:अवैध पोस्टर-बैनर लगाने पर नगर परिषद ने की कार्रवाई

डूंगरपुर नगर परिषद ने शहर की स्वच्छता और सौंदर्य बनाए रखने के लिए अवैध पोस्टरबाजी के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है।
परिषद ने 3 कोचिंग सेंटरों के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं, जिन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से पोस्टर और बैनर लगाए थे। यह कदम स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की बेहतर रैंकिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। नगर परिषद की टीम ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान दीवारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से पोस्टर, स्टीकर और बैनर चिपकाए हुए पाए गए। परिषद ने कोतवाली थाने में सर्वोदय अकादमी सेंटर, महादेव डिफेंस एकेडमी और एक अन्य कोचिंग सेंटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश जारी किए हैं। ‘शहर की सुंदरता हो रही प्रभावित’
आयुक्त प्रकाश डूडी ने बताया कि सदर थाना चौराहा और कॉलेज रोड सहित कई स्थानों पर इन संस्थानों द्वारा लगातार पोस्टरबाजी की जा रही थी। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से शहर की सुंदरता प्रभावित होती है और स्वच्छता सर्वेक्षण में नकारात्मक अंक मिलते हैं, जिससे शहर की रैंकिंग पर सीधा असर पड़ता है। नगर परिषद ने “क्लीन सिटी, ग्रीन सिटी” अभियान के तहत निगरानी बढ़ा दी है। अब विशेष टीमें रात में भी गश्त करेंगी और पोस्टर चिपकाने वालों के खिलाफ मौके पर कार्रवाई करेंगी। दोषियों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ दीवारों की सफाई और पुताई का खर्च भी वसूला जाएगा। परिषद ने चेतावनी दी है कि शहर की स्वच्छता और सौंदर्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *