जयपुर पुलिस और बदमाशों के बीच शुक्रवार शाम मुठभेड़ हो गई। लूट का क्रिमिनल पकड़ने के लिए जयपुर पुलिस की स्पेशल टीम सवाई माधोपुर गई थी। पुलिस और बदमाशों ने एक-दूसरे पर फायरिंग की। पुलिस फायरिंग में एक बदमाश को गोली लगी है। पुलिस की ओर से इलाज के लिए घायल क्रिमिनल को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जयपुर के प्रताप नगर थाने में बदमाश हंसराज और रोहित धोबी के खिलाफ लूट का मामला दर्ज हुआ था। पिछले काफी समय से वांछित लुटेरे हंसराज और रोहित धोबी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही थी। प्रताप नगर थाने की स्पेशल में लगे हेड कॉन्स्टेबल दशरथ, कॉन्स्टेबल शंकर व गणेश की टीम दोनों वांछित बदमाशों की तलाश में लगी थी। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे दोनों वांटेड बदमाशों को ढूंढते हुए पुलिस टीम सवाई माधोपुर के मलाना डूंगर जा पहुंची। पुलिस टीम को देखते ही दोनों वांटेड बदमाशों के पास मौजूद दो लोडेड पिस्टल से फायर किया गया। पुलिस की ओर से भी जबावी कार्रवाई कर फायर किया। बदमाशों की ओर से कुल 3 फायर पुलिस पर किए गए। वहीं, पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान बदमाशों पर कुल 5 फायर किए। पुलिस फायरिंग में बदमाश हंसराज के पैर में तीन-चार गोली लगी। पुलिस ने घायल हंसराज और उसके साथी बदमाश रोहित धोबी को धर-दबोचा। स्थानीय पुलिस की मदद से घायल बदमाश हंसराज को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है।


