नमो घाट हत्याकांड: जायसवाल समाज ने दी श्रद्धांजलि:सोनभद्र में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की

नमो घाट हत्याकांड: जायसवाल समाज ने दी श्रद्धांजलि:सोनभद्र में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की

सोनभद्र। वाराणसी के नमो घाट पर खलियारी निवासी राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू की हत्या के बाद चोपन में जायसवाल समाज ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। इस दौरान समाज के लोगों ने दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। यह श्रद्धांजलि सभा चोपन मुख्य बाजार में आयोजित की गई। समाज के सदस्यों ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। दिवंगत राजेश जायसवाल की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
सभा में वक्ताओं ने राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू की हत्या को अत्यंत दुखद और निंदनीय घटना बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाज पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा रहेगा।
मंडल उपाध्यक्ष धर्मेंद्र जायसवाल ने घटना को पीड़ादायक बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की। जायसवाल ने कहा कि गिरफ्तार दोषियों को कानून के अनुसार सख्त सजा मिलनी चाहिए और न्याय मिलने तक समाज पीड़ित परिवार के साथ रहेगा। श्रद्धांजलि सभा में राजन जायसवाल, नीरज जायसवाल, चंदन जायसवाल, संदीप जायसवाल, सोनू, सुनील, प्रकाश, आशीष, पवित्र, अभिषेक सहित जायसवाल समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई। बता दें कि वाराणसी के प्रमुख पर्यटन स्थल नमो घाट पर दोस्तों के साथ घूमने गए राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सिक्योरिटी एजेंसी संचालक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *