IPL Final: 10 साल बाद बन रहा ऐसा संयोग, फाइनल में पहुंचने के बाद RCB को सता रहा ट्रॉफी गंवाने का डर!

IPL Final: 10 साल बाद बन रहा ऐसा संयोग, फाइनल में पहुंचने के बाद RCB को सता रहा ट्रॉफी गंवाने का डर!

RCB in IPL 2026 Final: मंगलवार को धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली। यह आईपीएल इतिहास में पांचवीं बार है, जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने फाइनल का टिकट हासिल किया है। इससे पहले वह 4 बार फाइनल खेल चुकी है और जीत सिर्फ पिछले सीजन में मिली थी, जब उन्होंने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराया था।

हैदराबाद 2 बार तोड़ चुकी है सपना

उससे पहले वह 2009, 2011 और 2016 में खिताबी मुकाबला खेल चुकी थी, इसमें से 2 बार हैदराबाद की टीम ने उनका सपना तोड़ा है। 2009 में उन्हें हैदराबाद डेक्कन चार्जर्स ने हराया था, तो वहीं 2016 में भी सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें मात दी थी। मतलब 3 में से 2 बार हैदराबाद की टीम के हाथों ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिताब जीतने का सपना चकनाचूर हुआ है।

2016 में सनराइजर्स हैदराबाद ने एलिमिनेटर खेलते हुए क्वालीफायर-2 में जगह बनाई और फिर फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराकर खिताब जीत लिया। 10 साल बाद फिर से वही संयोग बनता नजर आ रहा है। इस बार भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात की टीम के बीच क्वालीफायर-1 खेला गया। पिछली बार 2016 में भी गुजरात लायंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच क्वालीफायर-1 खेला गया था, जहां आरसीबी ने जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई थी।

इसके बाद गुजरात लायंस को क्वालीफायर-2 में सनराइजर्स हैदराबाद ने हरा दिया था और फिर फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को रोमांचक मुकाबले में 8 रन से हराकर खिताब जीत लिया था। इस बार भी सनराइजर्स हैदराबाद एलिमिनेटर खेलेगी और अगर वहां से जीत हासिल करती है, तो क्वालीफायर-2 में उसका सामना गुजरात टाइटंस से हो सकता है।

10 साल बाद फिर बन रहा संयोग

ऐसे में अगर यही संयोग बना, तो फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से एक बार फिर ट्रॉफी हैदराबाद की टीम छीन सकती है। यह तीसरी बार होगा, जब हैदराबाद की टीम के सामने आरसीबी फाइनल में घुटने टेक देगी।

आपको बता दें कि 31 मई को आईपीएल 2026 का खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि 7:00 बजे टॉस होगा। फाइनल में जगह बना चुकी आरसीबी से गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स में से किसी एक टीम की टक्कर हो सकती है। लेकिन आरसीबी के फैंस दुआ कर रहे होंगे कि 10 साल पुराना इतिहास फिर से न दोहराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *