दिल्ली में बेटे ने पिता को बंदूक दिखाकर लूटे 10 लाख रुपए, पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में किया पर्दाफाश

दिल्ली में बेटे ने पिता को बंदूक दिखाकर लूटे 10 लाख रुपए, पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में किया पर्दाफाश

Delhi Crime News : देश की राजधानी दिल्ली में पुलिस ने एक ऐसी लूट की घटना का खुलासा किया है, जिसे जानने के बाद हर कोई माथा पीट रहा है। यहां तक पुलिस भी हैरान है कि आखिर कोई इस तरह की घटना को अंजाम कैसे दे सकता है? दरअसल, पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में एक बेटे ने अपने ही पिता से बंदूक की नोक पर 10 लाख रुपए लूट लिया। वहीं, जब मामल पुलिस तक पहुंची तो इस लूटकांड का पूरा पर्दाफाश हो गया।

आपको बता दें कि यह पूरा मामला 31 मार्च का है। इस दिन पुलिस का सूचना मिलती है कि दो नकाबपोश बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर 10 लाख रुपये लूट लिए हैं। डीसीपी राजीव कुमार के निर्देशन में इंस्पेक्टर अजीत कुमार झा और उनकी टीम (SI रोहित सागर, हेड कॉन्स्टेबल मनोज, रहीश और वसीम) ने तुरंत तफ्तीश शुरू की। शुरुआती जांच में ही पुलिस को शिकायतकर्ता के बेटे तवलीन की भूमिका संदिग्ध लगी।

120 कैमरों को छकाया, 121वें ने दबोचा

अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने तकनीकी निगरानी का सहारा लिया। पुलिस टीम ने लक्ष्मी नगर से लेकर मुखर्जी नगर तक करीब 120 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शातिर लुटेरे बार-बार भीड़भाड़ वाले इलाकों और संकरी गलियों का सहारा लेकर पुलिस को चकमा दे रहे थे। तलाश का यह ‘चूहे-बिल्ली’ का खेल तब खत्म हुआ जब 121वें कैमरे ने कमाल कर दिया। आनंद विहार के पास एक सुनसान जगह पर बदमाशों को लगा कि वे सुरक्षित हैं। वहां स्कूटी चला रहे युवक ने जैसे ही सांस लेने के लिए अपना मास्क उतारा, पास के कैमरे में उसका चेहरा साफ कैद हो गया।

दादी के घर से मिला ‘खजाना’

पुलिस ने मुखबिरों और तकनीकी सुरागों की मदद से जब आरोपी को दबोचा, तो सच्चाई जानकर हर कोई दंग रह गया। लूट की पूरी रकम (10 लाख रुपये) आरोपी की दादी के घर से बरामद की गई। 20 वर्षीय बेटे ने पूछताछ में कबूल किया कि वह अपने पिता से नाराज था।

बेटे ने क्यों रची साजिश?

आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसके पिता उसे पॉकेट मनी नहीं देते थे और अक्सर पैसों के लिए मना कर देते थे। इसी नाराजगी में उसने अपने पिता को ‘सबक सिखाने’ और अपनी आर्थिक जरूरतें पूरी करने के लिए दोस्तों के साथ मिलकर एक साजिश रची। योजना के तहत उसने हथियार के बल पर लूट की पूरी घटना को अंजाम देने का नाटक किया, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने तवलीन और उसके साथियों के खिलाफ सशस्त्र डकैती और साजिश रचने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उन्होंने पहले भी ऐसी किसी घटना को अंजाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *