Good News: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अब ‘सस्ती थाली’ जैसा कैफे; 10 में चाय 20 रुपए में समोसा-कचौरी की रेट फिक्स

Good News: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अब ‘सस्ती थाली’ जैसा कैफे; 10 में चाय 20 रुपए में समोसा-कचौरी की रेट फिक्स

Jaipur Airport Passenger Facilities: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अब पैसेंजर्स को रिफ्रेशमेंट के लिए ज्यादा शुल्क का पेमेंट नहीं करना होगा। एयरपोर्ट पर अब पैसेंजर्स को 10 रुपए में चाय और 20 रुपए में कॉफी और समोसा-कचौरी मिलेगी।
पैसेंजर्स की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर रविवार को ‘उड़ान यात्री कैफे’ की शुरुआत की गई है। जहां से पैसेंजर्स अपनी जरूरत के अनुसार रिफ्रेशमेंट खरीद सकेंगे। अभी तक एयरपोर्ट में अलग-अलग काउंटर पर चाय और कॉफी 50 रुपए में उपलब्ध है।

केंद्रीय मंत्री ने किया वर्चुअल उद्घाटन

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने बीते रविवार को ‘उड़ान यात्री कैफे’ का वर्चुअल उद्घाटन किया। मंत्री ने कहा-इस पहल से खासकर आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों को सस्ती दरों पर खाने-पीने की सुविधा मिल सकेगी, जिससे एयरपोर्ट पर यात्रा और भी सुविधाजनक बनेगी।
एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 के प्री-चेक-इन प्रस्थान क्षेत्र में शुरू किए गए इस कैफे में पैसेंजर्स को पानी, चाय, कॉफी, स्नैक्स और दूसरे खाद्य पदार्थ किफायती दरों पर मिलेंगे। जयपुर एयरपोर्ट की इस पहल को हवाई यात्रा करने वाले आम लोगों के लिए सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

पैसेंजर्स की जरूरतें पूरा करेगा कैफे

केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि उड़ान यात्री कैफे सरकार की उस सोच का हिस्सा है। देश में अब हवाई यात्रा को आसान, सुलभ और आधुनिक भारत की जरूरतों के अनुरूप बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किफायती दरों पर जरूरी खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराकर यह पहल यात्रियों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करेगी।
एयरपोर्ट प्रशासन ने ‘उड़ान’ (उड़े देश का आम नागरिक) योजना को मजबूती देने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। इससे एयरपोर्ट सेवाएं और ज्यादा बेहतर हो सकेंगी।

सबसे व्यस्त है जयपुर एयरपोर्ट

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट राजस्थान का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। वित्त वर्ष 2024-25 में यहां 60 लाख से अधिक पैसेंजर्स की आवाजाही रही, वहीं एयरपोर्ट से रोजाना लगभग 120 उड़ानों का संचालन होता है। 776 एकड़ में फैला यह एयरपोर्ट आधुनिक तकनीक से जुड़ा हुआ है। वहीं मई 2025 में एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल (ACI) से लेवल-3 मान्यता भी प्राप्त हुई है।

वरिष्ठ अधिकारी एयरपोर्ट पर रहे मौजूद

उद्घाटन के दौरान एयरपोर्ट से जुड़े मुख्य हवाई अड्डा सुरक्षा अधिकारी नवीन भगत, इंटेलिजेंस ब्यूरो के सैरेम सरत कुमार, CISF के उप कमांडेंट देवराज और मुख्य हवाई अड्डा अधिकारी (CAO) अनिमेष भट्ट समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *