नागौर. रसोई गैस यानि की एलपीजी की बढ़ी दिक्कतों को देखते हुए रसद विभाग की टीम ने बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। इस दौरान क्षेत्र की गैस एजेसिंयों के साथ ही दिल्ली दरवाजा, मूण्डवा रोड चौराहा, विजयबल्लभ चौराहा एवं मानासर चौराहा के साथ ही जोधपुर रोड पर अवैध गैस आपूर्ति के आशंकित स्थानों की जांच की। जिला रसद अधिकारी अंकित पचार ने बताया कि इसके लिए बुधवार को सात टीमें बनाकर जांच की। हर टीम को अलग-अलग जोन दिया गया था। गैस एजेंसियों पर भी जाकर वहां की स्थिति भी देखी गई कि उपभोक्ताओं की बुकिंग एवं एजेंसी पर सिलेण्डर लेकर आने वालों केा संख्या कितनी, और क्या है। जिला रसद अधिकारी पचार ने बताया कि इस तरह का जांच अभियान फिलहाल जारी रहेगा।
रंगोलियों से संदेश, डोर-टू-डोर पहुंचे की समझाइश, सडक़ पर मत फेको कचरा
नागौर. शहर में स्वच्छता को लेकर नगरपरिषद ने जागरूकता और सख्ती का संयुक्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को परिषद की टीम कुम्हारी दरवाजा क्षेत्र पहुंची। यहां पहले गंदगी वाले स्थानों की सफाई कराई गई, और उसके बाद उसी जगह पर रंग-बिरंगी आकर्षक रंगोलियां बनाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कचरा परिवहन आ रहा कि नहीं……
अभियान के दौरान नगरपरिषद की टीम को दो हिस्सों में बांटा गया। एक टीम लगातार सफाई कार्य में जुटी रही, जबकि दूसरी टीम ने क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया। इस दौरान गलियों और सडक़ों पर मौजूद लोगों से सीधे बातचीत कर उन्हें कचरा इधर-उधर नहीं फैलाने की समझाइश की गई। टीम ने लोगों से यह भी पूछा कि कचरा संग्रहण वाहन नियमित रूप से आ रहा है या नहीं। अधिकांश लोगों ने बताया कि गाड़ी समय पर आ रही है, जिस पर टीम ने सवाल किया कि फिर भी सडक़ पर कचरा क्यों नजर आता है। इस पर कई लोगों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए आगे से ऐसा नहीं करने का आश्वासन दिया।
लोगों ने दिए सुझाव
क्षेत्र के निवासी रमेश कुम्हार, कैलाश चौधरी, बाबूलाल मेघवाल, शंकरलाल प्रजापत, मुकेश सैनी, गोपाल राम, हरीश मीणा और सुरेश कुमार ने बताया कि सफाई अभियान और रंगोलियों से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना है। उनका कहना रहा कि अगर इसी तरह नियमित निगरानी और समझाइश होती रही तो लोग खुद भी जिम्मेदारी समझने लगेंगे। कुछ लोगों ने कचरा गाड़ी के समय और रूट को लेकर सुझाव भी दिए, ताकि सभी घरों से कचरा सही समय पर उठ सके। इनका कहना था कि इसके साथ ही कचरा परिवहन के लिए गाड़ी पहुंची कि नहीं, इसकी भी जांच होनी चाहिए। नगरपरिषद आयुक्त गोविंद सिंह भींचर का कहना है कि फिलहाल अभियान का फोकस जागरूकता पर है, लेकिन आगे नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर को साफ रखना केवल परिषद की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। आने वाले दिनों में संबंधित क्षेत्रों में बैठक आयोजित कर स्थानीय लोगों से सुझाव लिए जाएंगे, जिससे स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।
रामभक्तों की निकली वाहन रैली,गूंजे जयश्रीराम के जयघोष
नागौर. श्री रामनवमी की शोभा यात्रा के के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए रामनवमी महोत्सव समिति व विश्व हिंदू परिषद की ओर से बजरंग दल के नेतृत्व में वाहन रैली निकाली गई। रैली को ओमकार सनातन वेद आश्रम के महंत लक्ष्मी नारायण दास महाराज, श्री रामनवमी समिति के अध्यक्ष रामेश्वर सारस्वत एवं उपाध्यक्ष आनंद पुरोहित ने भगवा झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली चैनार स्थित माली समाज भवन से रवाना हुई, और यह विजय वल्लभ चौक, दिल्ली दरवाजा, दिल्ली गेट ए रोड, गांधी चौक, शिव बाड़ी, ब्रह्मपुरी, रामपोल, नकाश गेट, कलेक्ट्रेट पर स्थित श्रीराम चौराहा, अहिंसा सर्किल, नया दरवाजा, तेलीवाड़ा होते हुए जलेश्वर महादेव मंदिर बख्तासागर पहुंची। रास्ते में कई जगहों पर पुष्प वर्षा के साथ रैली का स्वागत किया गया। रैली निकलने के दौरान जयश्रीराम के लगते जयघोष से माहौल आस्था के रंग में रंगा रहा। किसान छात्रावास के पास समिति के संरक्षक भोजराज सारस्वत, केशवदासजी रामद्वारा के महंत जानकी दास महाराज आदि ने वाहन रैली का स्वागत किया। रैली निकलने के दौरान समिति के प्रचार प्रमुख गौरव भाटी, बजरंग दल के राहुल भाटी, देवेंद्र टाक मार्गदर्शक बनने के साथ ही व्यवस्थाओं की देखरेख में लगे हुए थे।


