Pune: ठगों ने बीच सड़क रुकवाई कार और फिर… लोन स्कैम का आ गया नया तरीका, देखें डैशकैम वीडियो

Pune: ठगों ने बीच सड़क रुकवाई कार और फिर… लोन स्कैम का आ गया नया तरीका, देखें डैशकैम वीडियो

अगर आपने हाल ही में कोई पुरानी कार खरीदी है, तो सावधान हो जाइए! जालसाजों ने अब पुरानी गाड़ी खरीदने वालों को डराने और उनसे पैसे ऐंठने का एक नया तरीका अपनाया है। ऐसा ही एक मामला पुणे जिले के लोनावला से सामने आया है, जिससे कार मालिकों की नींद उड़ गई है। यहां एक शख्स, जिसने हाल ही में Cars24 से एक हुंडई वर्ना (Hyundai Verna) खरीदी थी, उसे बीच सड़क पर घेरकर लाखों रुपये के फर्जी लोन का डर दिखाकर धमकाया गया। कार में चालक के साथ महिला भी सवार थी।

सुनसान सड़क पर फिल्मी अंदाज में पीछा

यह मामला 21 मार्च का बताया जा रहा है। पीड़ित चालक के अनुसार, जब वह लोनावला के पास से गुजर रहा था, तभी स्कूटर और मोटरसाइकिल पर सवार पांच अज्ञात लोगों ने कई किमी तक उनका पीछा किया। वे लगातार हाथ दिखाकर और चिल्लाकर उसे रुकने का इशारा कर रहे थे। आखिरकार, एक सुनसान जगह पाकर उन्होंने जबरन कार के आगे बाइक लगाकर उसे रुकने पर मजबूर कर दिया। जालसाजों ने कार के करीब आकर दावा किया कि वे रिकवरी एजेंट हैं और इस कार पर आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक का 10 लाख रुपये का लोन बकाया है, जिसे न भरने पर वे गाड़ी जब्त करने आए हैं। यह पूरी घटना कार में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गई।

चालक की सूझबूझ से ठगों का प्लान फेल

घबराने के बजाय, चालक ने समझदारी दिखाई। उसने कार का दरवाजा नहीं खोला और न ही शीशा पूरी तरह नीचे किया। उसने अंदर से ही स्पष्ट कह दिया कि गाड़ी उसके नाम पर कानूनी रूप से ट्रांसफर हो चुकी है। जब हमलावरों ने उसे बाहर आने और सहयोग करने के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो चालक ने तुरंत पुलिस को फोन लगा दिया। जैसे ही जालसाजों को एहसास हुआ कि मामला पुलिस तक पहुंच गया है, वे तुरंत मौके से फरार हो गए। बाद में जांच में पुष्टि हुई कि गाड़ी पर कोई लोन बकाया नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *