Kidneping : झुंझुनूं से व्यापारी व चालक का अपहरण, हाथ बांधकर गाड़ी की पिछली सीट पर डाले थे

Kidneping : झुंझुनूं से व्यापारी व चालक का अपहरण, हाथ बांधकर गाड़ी की पिछली सीट पर डाले थे

झुंझुनूं. जिले के भोजासर गांव के एक व्यापारी और उसके कार चालक का अपहरण कर 20 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में हरियाणा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। लोहारू सीआईए स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर अपहृत दोनों व्यक्तियों को सकुशल मुक्त कराया है। पुलिस के अनुसार भोजासर निवासी करीब 60 वर्षीय सुरेंद्र अपनी कार से जयपुर से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान घोड़ीवारा के पास एक कार में सवार चार-पांच बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर उनकी गाड़ी रुकवा ली। आरोपियों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई और गाड़ी की चाबी छीनकर सुरेंद्र व चालक महिपाल का अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद बदमाशों ने दोनों के साथ मारपीट की और मोबाइल व नकदी लूट ली। इसके बाद परिजनों को व्हाट्सऐप कॉल कर 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। अचानक आई इस घटना से परिवार में हड़कंपमच गया। सूचना मिलते ही झुंझुनूं पुलिस हरकत में आई और तुरंत नाकाबंदी कर हरियाणा पुलिस से संपर्क साधा गया। लोहारू डीएसपी संजीव के अनुसार संदिग्ध वाहन की लोकेशन मिलने के बाद सीआईए टीम ने ओवरब्रिज के पास घेराबंदी की। पुलिस ने जब वाहन को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने भागने के प्रयास में पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। इसके बावजूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रोहित, कृष और नीतीश को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने व्यापारी सुरेंद्र और चालक महिपाल को सुरक्षित छुड़ा लिया। बदमाशों ने दोनों के हाथ बांधकर उन्हें गाड़ी की पिछली सीट पर डाल रखा था। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल, मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपी हरियाणा के चरखी दादरी जिले के निवासी हैं। आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। वारदात में शामिल अन्य दो बदमाशों की तलाश जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *