अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में बेटियां फाउंडेशन द्वारा आशा ज्योति केंद्र ‘आपकी सखी’ के तहत मंगलवार को मेडिकल कॉलेज मेरठ में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसदौरान कार्यक्रम की थीम संघर्ष से सफलता तक – नारी की हर कहानी खास रही।
इस दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. सपना गोयल (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. सरोज मिश्रा (डेंटिस्ट) सहित कमलेश, निशा गुप्ता, राजबाला देवी, रेखा सिंह, अर्चना सिंह, शोभा शर्मा, अमिता अरोड़ा, शशि बाला, बबीता कटारिया, मीनू बाना, कुसुम शर्मा और नीलम मिश्रा शामिल रहीं। कार्यक्रम में नारी शक्ति, स्वावलंबन, समाज सेवा और मातृत्व जैसी श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए गए। सम्मानित महिलाओं की संघर्ष और सफलता की कहानियों ने उपस्थित लोगों को भावुक करने के साथ-साथ नई प्रेरणा भी दी। कार्यक्रम का संचालन कुसुम शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में इंस्पेक्टर श्रीमती शीला और विशिष्ट अतिथि जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती अनुपमा यादव मौजूद रहीं। सेंटर प्रभारी मिशन कोऑर्डिनेटर श्रीमती खुशबू और उनकी टीम का कार्यक्रम में विशेष सहयोग रहा। करीब 50 से अधिक लोगों की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह ने समाज में नारी सम्मान और समानता का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिलाओं के अधिकार और सम्मान को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।


