पत्नी पर पति को प्रताड़ित करने, झूठे केस की धमकी:बरेली में पति ने पुलिस से मांगी सुरक्षा, घर हड़पने का भी आरोप

पत्नी पर पति को प्रताड़ित करने, झूठे केस की धमकी:बरेली में पति ने पुलिस से मांगी सुरक्षा, घर हड़पने का भी आरोप

बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र की बीडीए कॉलोनी से एक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी पर मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। युवक ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। युवक ने थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह को दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी मकान अपने नाम कराने का दबाव बना रही है। इनकार करने पर वह और उसके मायके पक्ष के लोग घर आकर मारपीट करते हैं। युवक का दावा है कि कई बार मोहल्ले वालों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। उसका आरोप है कि पत्नी अक्सर यह कहकर धमकाती है कि “मैं महिला हूं, मेरी ही चलेगी, तुम कुछ नहीं कर पाओगे,” जिससे वह मानसिक रूप से टूट चुका है। तहरीर में युवक ने यह भी कहा कि पिछले सात-आठ महीनों से पत्नी ने उसे फोन पर ब्लॉक कर रखा है और उससे बातचीत नहीं करती। जबकि वह अन्य लोगों से घंटों फोन पर बात करने और वीडियो कॉल करने का आरोप लगाया है। इस विषय में सवाल करने पर घर में विवाद खड़ा हो जाता है। युवक का कहना है कि पत्नी रोजाना कई घंटों तक घर से बाहर रहती है और पूछने पर अभद्र व्यवहार करती है। पीड़ित का आरोप है कि पत्नी दहेज के झूठे मुकदमे में फंसाने और खुद को नुकसान पहुंचाकर पूरे परिवार को जेल भिजवाने की धमकी देती है। युवक ने तहरीर में आशंका जताई है कि कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उसने पुलिस से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है। युवक ने यह भी आरोप लगाया है कि पत्नी के परिजन घर आकर करीब 25 लाख रुपये के जेवर लेकर चले गए। विरोध करने पर उत्पीड़न और बढ़ गया। इस पूरे घटनाक्रम से परिवार दहशत में है। सुभाषनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *