अलवर के सिलीसेढ़ झील जाने वाले मार्ग पर मंगलवार दोपहर 12 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सिलीसेढ़ क्षतिग्रस्त पुलिया के पास तेज रफ्तार और कथित रूप से नशे में कार चला रहे युवकों की गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी और कई बार पलट गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पहले देखिए, घटना से जुड़ी 3 PHOTO’S तेज रफ्तार में नशे में लहराते हुए चला रहे थे कार प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के अनुसार, युवक मारुति कार को तेज रफ्तार और लहराते हुए चला रहे थे। बताया जा रहा है कि होली के मौके पर वे एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जश्न मनाते हुए सिलीसेढ़ झील की ओर जा रहे थे। इसी दौरान क्षतिग्रस्त पुलिया के पास ड्राइवर संतुलन खो बैठा और कार नीचे जा गिरी। कार सवार युवकों को मामूली आई चोटें घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अकबरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। कार सवार युवकों को मामूली चोटें आई, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से सिलीसेढ़ मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।


