गु़ना जिले के गोपीसागर डैम में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक पिता और पुत्र डूब गए। मौके पर मौजूद बोट चालकों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक पिता की मौत हो चुकी थी, जबकि बेटा गंभीर हालत में मिला। बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, शहर के भुल्लनपुरा निवासी राजेश साहू (40) पुत्र रामभरोसा साहू एक निजी बैंक के लोन सेक्शन में कार्यरत थे। वे पत्नी और बेटे के साथ अलग रहते थे, जबकि उनके माता-पिता अन्य स्थान पर निवास करते हैं। पिता से मिलने के बाद डैम पहुंचे शनिवार दोपहर करीब 2 बजे राजेश साहू अपने पिता से मिलने उनके घर पहुंचे थे। उनके साथ उनका बेटा भविष्य साहू (10) भी था। कुछ देर बातचीत के बाद दोनों बाइक से निकले और गोपीसागर डैम पहुंचे। उन्होंने अपनी बाइक डैम के गेट के पास खड़ी की थी। कुछ समय बाद डैम में मौजूद बोट क्लब के कर्मचारियों ने पिता-पुत्र को पानी में डूबते हुए देखा। कर्मचारियों ने तुरंत नाव लेकर पानी में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर धरनावदा पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया। पिता की मौत, बेटे की हालत नाजुक हादसे में राजेश साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा भविष्य साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए भोपाल भेजा गया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। धरनावदा थाना प्रभारी SI प्रभात कटारे ने बताया कि पानी में पिता पुत्र डूब गए थे। इसमें राजेश साहू की मौत हो गई है। उन्होंने खुद छलांग लगाई या फिर गलती से गिर गए, यह जांच का विषय है।


