शाहजहांपुर में बिजली का करंट लगने से एक तेंदुए की मौत हो गई। उसका शव सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के कालसेन बाबा मंदिर के पीछे एक खेत में मिला। वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना शुक्रवार सुबह सामने आई, जब ग्रामीण अपने खेतों से गुजर रहे थे। उन्होंने पेड़ के पास तेंदुए का मृत शरीर देखा। तेंदुए को मृत अवस्था में देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और उन्होंने तुरंत गांव के अन्य लोगों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाया, जबकि वन विभाग ने तेंदुए के शव को अपने कब्जे में ले लिया। घटनास्थल से बिजली के तार भी निकले हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ पेड़ पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था और इसी दौरान वह बिजली के तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि वन विभाग की टीम शव को ले गई है। प्रारंभिक जांच में तेंदुए की मौत का कारण करंट लगना ही सामने आया है।


