कोटा के रावतभाटा रोड स्थित अकेलगढ़ प्लांट के पास एक पोल्ट्री फार्म में करीब 9 फीट लंबा विशाल अजगर फार्म के अंदर घुस गया। पोल्ट्री फार्म में बड़ी संख्या में मुर्गियां मौजूद थीं। अजगर शिकार की तलाश में फार्म तक पहुंचा और अंदर घुसते ही एक मुर्गी को अपना शिकार बना लिया। अजगर द्वारा मुर्गी को निगलते ही बाकी मुर्गियां जोर-जोर से चिल्लाने लगीं और लगातार उस पर हमला करने लगीं। मुर्गियों की आवाज सुनकर पोल्ट्री फार्म मालिक मौके पर पहुंचा तो अंदर विशाल अजगर को देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गोविंद शर्मा मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया। स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि अजगर बेहद भारी भरकम था और उसने पहले ही एक मुर्गी को निगल लिया था। आसपास जंगल क्षेत्र होने के कारण अजगर भोजन की तलाश में पोल्ट्री फार्म तक पहुंच गया, जहां उसे आसानी से शिकार मिल गया। रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित रूप से चंबल नदी के पास जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। स्नेक कैचर ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं भी जंगली जानवर या सांप दिखाई दे तो उसे छेड़ें नहीं और न ही मारने की कोशिश करें। तुरंत वन विभाग या स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।


