8 साल के बच्चे की गंगा नदी में डूबकर मौत:प्रतापगढ़ में दूसरे दिन 8 किमी दूर मिला शव, परिजनों को सौंपा

8 साल के बच्चे की गंगा नदी में डूबकर मौत:प्रतापगढ़ में दूसरे दिन 8 किमी दूर मिला शव, परिजनों को सौंपा

प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाना क्षेत्र में गंगा नदी में डूबे आठ वर्षीय बालक का शव दूसरे दिन लगभग आठ किलोमीटर दूर बरामद हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया, जिससे क्षेत्र में दुख का माहौल है। मानिकपुर नगर पंचायत के ज्वालादेवी पूरे अली नकी गांव निवासी इरशाद अहमद का बेटा सूफियान रविवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ शाहाबाद गंगाघाट पर नहाने गया था। नहाते समय वह गंगा की तेज धारा में बह गया। साथ मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बालक गहरे पानी में समा चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश शुरू की। देर शाम तक चले तलाशी अभियान में कोई सफलता नहीं मिली। अगले दिन, घटना स्थल से करीब आठ किलोमीटर दूर कौशाम्बी के कड़ा धाम गंगाघाट के पास पानी में शव उतराता हुआ मिला। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *